
नवदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। शुक्रवार देर रात फोरलेन हाईवे पर नगर पालिका में भाजपा सभापति मीरा राजकुमार यादव के बेटे आकाश यादव के ढाबे पर गुंडों ने आतंक मचाया। बदमाशों ने यहां सिगरेट के विवाद पर बेटे आकाश और ढाबे के कर्मचारी पर लाठियों और चाकुओं से जानलेवा हमला किया। एक दिन पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था, इसी रंजिश में यह हमला किया गया।
पुलिस के अनुसार सभापति मीरा यादव के बेटे आकाश यादव फोरलेन पर ढाबा चलाते हैं। शुक्रवार रात चार पांच बदमाशों ने आकाश और ढाबे के कर्मचारी तुलसी अहिरवार पर चाकू और लाठियों से हमला कर दिया। हमले में घायल आकाश और तुलसी को देर रात दयाल अस्पताल में भर्ती किया गया है।
अस्पताल संचालक अचलेश्वर दयाल ने बताया कि आकाश यादव के कान से मुंह तक लंबा घाव आया है। उसे 12-15 टांके लगाए गए हैं। दयाल ने बताया कि चेहरे पर लंबा चीरा लगने से चेहरे का एंगल गड़बड़ हो सकता है। कर्मचारी तुलसी अहिरवार की जांघ और कूल्हे में चाकू के निशान आए हैं।
थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के अनुसार मिंटू और शंभू सहित उसके 4-5 साथियों ने इस हमले को अंजाम दिया है। बदमाशों ने सिगरेट विवाद में आकाश और तुलसी पर हमला किया है। यह बात भी सामने आई है कि मिंटू नामक युवक नगर पालिका का सफाई कर्मचारी है।
घटना के बाद सभी हमलावर मौके से भाग गए। पहले भी इसी ढाबे पर आकाश और बदमाशों के बीच झगड़ा हुआ था। आकाश यादव ने पुलिस को बताया कि सिगरेट मांगने को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद अचानक चाकू और लाठियां लेकर बदमाशों ने हमला कर दिया।