
नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। मध्य प्रदेश के बरगी बांध में दो दिन पहले हुए भीषण क्रूज हादसे के बाद प्रदेशभर में जल पर्यटन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इसी बीच तवा बांध का एक पुराना वीडियो सामने आया है।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 21 मई 2025 का है, जिसमें तवा बांध स्थित मध्य प्रदेश पर्यटन निगम के रिसॉर्ट पर संचालित क्रूज, हाउसबोट और स्पीड बोट यूनिट के पास का खौफनाक नजारा कैद है। वीडियो में तेज आंधी और मानसूनी हवाओं के चलते जलाशय में ऊंची-ऊंची लहरें उठती दिखाई दे रही हैं, जो क्रूज प्लेटफॉर्म तक पहुंच रही हैं।
स्टाफ और बोट ऑपरेटर घबराए लगते हैं
हालात इतने खराब नजर आ रहे हैं कि वहां मौजूद स्टाफ और बोट ऑपरेटर घबराए हुए दिखाई देते हैं। कर्मचारी रस्सियों के सहारे हाउसबोट, स्पीड बोट (जलपरी) और क्रूज को सुरक्षित बांधने की कोशिश करते नजर आते हैं। तेज हवाओं के कारण जेटी (क्रूज तक पहुंचने का कृत्रिम रूट) भी तूफानी लहरों से डगमगाता हुआ नजर आ रहा है।
क्रूज संचालन पूरी तरह बंद रखा गया था
यूनिट में कार्यरत स्टाफ का कहना है कि उस दिन खराब मौसम को देखते हुए क्रूज संचालन पूरी तरह बंद रखा गया था। मानसून सीजन में इस तरह के तूफानी हालात कई बार बनते हैं, जो आम लोगों को भले ही डरावने लगते हों, लेकिन उनके लिए यह एक सामान्य स्थिति है। इस दौरान यूनिट की सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध किए जाते हैं।
बरगी बांध हादसे के बाद इस वीडियो के सामने आने से यह स्पष्ट होता है कि विपरीत परिस्थितियों में इस तरह की गतिविधियों के संचालन में किस स्तर की सुरक्षा जरूरी होती है। विशेषज्ञों का मानना है कि जल पर्यटन स्थलों पर मौसम की सटीक निगरानी, समय पर संचालन बंद करने के निर्णय और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।
तवा बांध पर भी नजर आता है खौफनाक तूफानी मंजर!! वायरल हुआ पुराना वीडियो pic.twitter.com/2IS9md0xXS
— NaiDunia (@Nai_Dunia) May 2, 2026
क्रूज स्टाफ का क्या कहना
क्रूज स्टाफ का कहना है कि जब भी इस तरह का मौसम होता है, किसी भी स्थिति में क्रूज की बुकिंग नहीं ली जाती। स्पीड बोट और हाउसबोट की मांग करने वाले पर्यटकों को भी सुरक्षा कारणों का हवाला देकर बांध में उतरने से मना कर दिया जाता है।