नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। इंदौर के पास पीथमपुर में रहकर प्राइवेट नौकरी करने वाले एक परिवार की तीन मासूम बच्चियों की दो दिनों के भीतर मौत हो गई। इंदौर में दो बच्चियों की मौत होने पर स्वजन एंबुलेंस से शव लेकर अपने गांव छत्तीसगढ़ जा रहे थे, लेकिन परिवार की तीसरी बच्ची की फोरलेन इटारसी के पास हालत बिगड़ गई।
पहले बच्ची को सुखतवा स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, हालत नाजुक होने पर उसे इटारसी रेफर किया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। प्राथमिक जांच में तीनों बच्चियों को फूड पॉयजनिंग होने की बात सामने आई है।
यह भी पढ़ें- विदिशा में एक ही पेड़ पर लटके मिले दो दोस्त, जमीन से टिके थे पैर; परिजनों ने कहा- 'यह हत्या है'
तीनों बच्चों ने तोड़ा दम
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम जांच में मौत के सही कारण का पता चल सकेगा। मृतक दो बेटियों की मौत पीथमपुर में हुई है, वहीं सफर के दौरान तीसरी बच्ची ने दम तोड़ दिया। तीनों बच्चियों की उम्र 5, 8 और 10 वर्ष बताई गई है।
स्वजनों के अनुसार दो बच्चियों की इंदौर में मौत हुई, जबकि तीसरी ने छत्तीसगढ़ जाते समय इटारसी के सरकारी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस जांच में जुटी हुई है।
छत्तीसगढ़ का रहने वाला है परिवार
थाना प्रभारी सौरभ पांडे ने बताया कि तीनों बच्चियां मूलतः जांजगीर-चांपा छत्तीसगढ़ की रहने वाली थीं। उनके पिता नरेंद्र सिंह पीथमपुर की एक कंपनी में वहीं रहकर नौकरी कर रहे थे। हैं।
दो दिन पहले रात करीब 2 बजे परिवार ने दाल, चावल, रोटी और सब्जी खाई थी। खाना खाने के बाद तीनों बच्चियों को अचानक उल्टी-दस्त शुरू हो गए और उनकी हालत बिगड़ गई।
रास्ते में तीसरे बच्चे की मौत
माता पिता उन्हें उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां जांच के बाद दो बच्चियों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गमगीन माता पिता दोनों बच्चियों के शव एंबुलेंस से उनके पैतृक गांव जांजगीर-चांपा ले जाने के लिए रवाना हुए। स्वजन गांव में बच्चियों के अंतिम संस्कार की सोचकर निकले थे।
बुधवार रात एंबुलेंस में तीसरी बच्ची भी अचानक बीमार हो गई। स्वजन उसे इटारसी के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
बताया गया है कि इंदौर के बेटमा के पास अस्पताल में दोनों बच्चियों के शव बिना पोस्टमॉर्टम कराए उन्हें सौंप दिए गए थे। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
प्रारंभिक जांच में बच्चियों को (विषाक्त भोजन) फूड पॉइजनिंग होने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि खाना खाने के बाद ही तीनों बच्चियों की तबीयत बिगड़ी थी। उन्हें अचानक उल्टी दस्त शुरू हो गए थे। जरूरी होने पर बिसरा जांच भी कराई जाएगी।- सौरभ पांडे, थाना प्रभारी