इटारसी के केसला में बाघ की दहशत, कई मवेशियों को मारा; सहमे ग्रामीणों ने खेतों में बंद किया काम
झुनकर के बंगलापुरा और आसपास के क्षेत्रों में बाघ की गतिविधियों से ग्रामीण खेतों और जंगल की ओर जाने से डर रहे हैं।
Publish Date: Sun, 26 Jul 2026 04:14:50 PM (IST)Updated Date: Sun, 26 Jul 2026 04:14:50 PM (IST)
ग्रामीणों ने वन विभाग को ज्ञापन सौंपकर बाघ का रेस्क्यू कर सुरक्षित वन क्षेत्र में भेजने की मांग की। नईदुनिया।HighLights
- बाघ की लगातार मौजूदगी से दहशत
- मवेशियों को बना रहा शिकार
- ग्रामीणों ने रेस्क्यू की मांग उठाई
नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी । जनपद पंचायत केसला की ग्राम पंचायत झुनकर के बंगलापुरा एवं आसपास के क्षेत्र में बाघ की लगातार गतिविधियों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। शनिवार को ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने वन परिक्षेत्र अधिकारी बोरी को ज्ञापन सौंपकर बाघ के मूवमेंट पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
बाघ का लगातार मूवमेंट
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में बाघ का लगातार मूवमेंट देखा जा रहा है। इस दौरान कई मवेशी भी बाघ का शिकार बन चुके हैं, जिससे किसानों और पशुपालकों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि लोग खेतों में जाने से डर रहे हैं और पशुओं को चराने व खेती-किसानी के कार्यों में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि वन विभाग क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाए, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करे। आवश्यकता पड़ने पर बाघ का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित वन क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि की आशंका को टाला जा सके।
रेस्क्यू के लिए सौंपा ज्ञापन
ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में पहले भी वन विभाग को आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने लेटरहेड पर हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग दोहराई गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान सरपंच, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।