
नईदुनिया प्रतिनिधि, इटारसी। न्यास कालोनी स्थित ओझा बस्ती में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ट्राली हटाने को लेकर हुए झगड़े में एक युवक की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपित सहित उसके तीन साथियों को हिरासत में लिया है।
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने थाने पहुंचकर जमकर हंगामा किया और अन्य लोगों को भी आरोपित बनाने की मांग की। लंबे विवाद और समझाइश के बाद मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस के अनुसार भाट मोहल्ला निवासी जयदीप उर्फ बंटा भाट शनिवार रात अपनी मुंहबोली बहन के घर ओझा बस्ती आया था। उसकी बहन अपना मकान खाली कर दूसरी जगह रहने जा रही थी, इसलिए घर का सामान ट्राली में रखा जा रहा था।
रात करीब डेढ़ बजे आरोपित मनोज ठाकुर मौके पर पहुंचा और सड़क पर खड़ी ट्राली हटाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। पहले दोनों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट हुई। विवाद बढ़ने पर मनोज और उसके साथियों ने जयदीप को रेलवे लाइन के पास स्थित मंदिर के पास ले जाकर उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
आसपास रहने वाले लोगों के अनुसार मोहल्ले में झगड़े के दौरान चीख-पुकार की आवाजें आ रही थीं। घायल जयदीप अपनी जान बचाने के लिए मदद मांग रहा था, लेकिन डर के कारण कोई भी बाहर नहीं निकला।
मृतक के स्वजनों ने बताया कि जयदीप ट्रेनों में अखबार बेचने का काम करता था। परिवार का दावा है कि उसके शरीर पर इतने ज्यादा चाकू के वार किए गए कि उसकी जेब में रखे नोटों में भी छेद हो गए।
परिजनों के मुताबिक उसके शरीर पर 100 से अधिक चाकू के घाव हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
टीआई गौरव सिंह बुंदेला ने बताया कि हत्या के मामले में मनोज ठाकुर सहित तीन अन्य युवकों को हिरासत में लिया गया है। मृतक के भाई अमन और मां बिट्टी का कहना है कि हत्या में करीब एक दर्जन लोग शामिल हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग पहले भी उनके घर जाकर धमकी दे चुके थे।
प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच ब्याज के पैसों के लेनदेन को लेकर भी विवाद चल रहा था। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद यदि अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उन्हें भी आरोपित बनाया जाएगा।