
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित बनाने के अभियान के तहत गुरुवार को प्लास्टिक और फायर सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई की गई।
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देश पर संभाग क्रमांक 15, वार्ड क्रमांक 74 में नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने व्यवसायी अतुल खत्री के परिसर में छापामार कार्रवाई करते हुए 210 किलोग्राम अमानक पाॅलीथिन जब्त की जबकि संचालक पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया।
जांच के दौरान टीम ने मौके से 110 बोरी अमानक पानी के पाउच, 210 किलो प्रतिबंधित पालीथिन और 23 पेटी विक्रय अयोग्य पानी की बोतलें जब्त कीं। अधिकारियों के मुताबिक अमानक प्लास्टिक सामग्री का उपयोग पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
छापा के दौरान परिसर में आवश्यक फायर एंड सेफ्टी मानकों का उल्लंघन भी सामने आया। प्लास्टिक संबंधी नियमों के उल्लंघन और सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर निगम की टीम ने मौके पर ही एक लाख रुपए का स्पाट फाइन लगाया। जुर्माने की राशि चेक के माध्यम से मौके पर ही वसूल की गई।
कार्रवाई में उपायुक्त संभव अयाची, संभागीय अधिकारी अजय लवाना, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र राज, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अनंत दुबे, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संजय वर्मा, सहायक अग्निशमन अधिकारी आकाश श्रीवास्तव, अतिक्रमण दल के अभिषेक समुद्र और प्रभारी वार्ड सुपरवाइजर सुरेश राय मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- 1.05 लाख करोड़ के ग्रीनफील्ड कॉरिडोर से जबलपुर बनेगा प्रमुख कनेक्टिविटी और लाॅजिस्टिक हब