
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मई में मौसम रूप लगातार बदल रहा है। वर्तमान में पूर्वी मप्र के मध्य भागों में एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। जो आगे बढ़ रहा है। इससे मौसम साफ होगा। फिर तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगेगा। गर्मी भी असर दिखाने लगेगी।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में पूर्वी मप्र के मध्य भागों में एक चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा अन्य मौसमी प्रणालियां सक्रिय है। इनके प्रभाव से बुधवार को भी बादल छाएंगे रहेेंगे, बाारिश हो सकती है। 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की गति से हवा चलने की भी संभावना है।
जबलपुर में भले ही आंशिक रूप से बारिश हुई परंतु आस-पास हुई वर्षा और ओलावष्टि में हवा में नमी घुल गई है। नम हवा से गर्मी का असर कम रहा। रात में मौसम सुहाना रहा। फिलहाल अधिकतम तापमान दो डिग्री और गिरकर 37.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान गिरावट के साथ 24.3 डिग्री पर रहा।
मंगलवार को सुबह से तेज धूप रही परंतु दोपहर बाद मौसम की रंगत बदल गई। आसमान पर बादल मंडराने लगे। शाम होते-होते तेज हवा चलने लगी और जोरदार बौछारों ने शहर को भिगो दिया। सड़क भी तरबतर हो गई। रुक-रुक कर हल्की बारिश का सिलसिला रात में भी जारी रहा।
गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली। जबलपुर में जहां हल्की बारिश हुई वहीं उमरिया, डिंडौरी में वर्षा के साथ ओला भी गिरे।
आंधी-तूफान की संभावना को देखते हुए नगर निगम भी ऊंचाई पर लगी होर्डिंग को लेकर सर्तक हो गया है। अपर आयुक्त अंजू सिंह ठाकुर ने पंजीकृत होर्डिंग एजेंसियों की बैठक में कहा कि कि व्यापार से पहले जन सुरक्षा उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। सभी एजेंसी संचालक विज्ञापनों और लोहे के स्ट्रक्चर्स का तत्काल और नियमित तकनीकी निरीक्षण सुनिश्चित करें।
पुराने या जर्जर हो चुके स्ट्रक्चर्स को समय रहते दुरुस्त करने या हटाने की हिदायत दी। ताकि तेज हवाओं के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।