
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विक्टोरिया अस्पताल में मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए दैनिक ड्यूटी रोस्टर व्यवस्था खत्म कर दी गई है।
अब सभी विशेषज्ञ चिकित्सक और प्रथम श्रेणी चिकित्सा अधिकारी प्रतिदिन अस्पताल में उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं देंगे। सीएमएचओ डाॅ. नवीन कोठारी के निर्देश पर नई व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू की गई है।
अस्पताल में पहले रोस्टर के आधार पर अलग-अलग दिनों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की ड्यूटी लगती थी। इसके कारण कई बार डाॅक्टर देर से आते या निर्धारित समय से पहले चले जाते थे।
मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी। नई व्यवस्था से डाॅक्टरों के गायब रहने पर भी अंकुश लगेगा और मरीजों को उपचार के लिए नियमित रूप से विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे।
निर्देश के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों को सुबह नौ से दोपहर दो बजे और शाम पांच से छह बजे तक अस्पताल में उपस्थित रहना होगा। बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ड्यूटी समय में निजी प्रैक्टिस की शिकायतों पर भी इस व्यवस्था से निगरानी मजबूत होगी।