
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी बांध क्रूज हादसे में जान गंवाने वाले आर्डनेंस फैक्ट्री के कर्मचारी कामराज आर और उनके बेटे का शव सोमवार सुबह 8:30 बजे चार्टर्ड जेट के माध्यम से तमिलनाडु के लिए रवाना किया गया। हालांकि क्रू मेम्बर ने पहले शव ले जाने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि बॉडी से बदबू आ रही है, जिस वजह से वे विमान ऑपरेट नहीं कर सकेंगे।
इसके बाद रांझी एसडीएम मोनिका वाघमारे ने तत्काल शव के आसपास स्प्रे करने के लिए परफ्यूम मंगवाया। इसके बाद ही फ्लाइट रवाना हो सकी, जिससे उड़ान में देरी हुई।
दरअसल रविवार शाम दोनों शव खमरिया अस्पताल से एम्बुलेंस द्वारा एयरपोर्ट ले जाए जा रहे थे, लेकिन त्रिची में खराब मौसम के कारण फ्लाइट लैंड नहीं कर सकी। इसके चलते एम्बुलेंस को वापस अस्पताल लौटना पड़ा और शवों को फिर से मरचुरी में रखना पड़ा।
क्या है पूरा मामला
सोमवार सुबह जब चार्टर्ड विमान से शव भेजने की तैयारी हुई, तो डुमना एयरपोर्ट पर एक और संवेदनशील स्थिति बनी। फ्लाइट ऑपरेटर ने यह कहते हुए शव ले जाने से इंकार कर दिया कि बॉडी डी-कंपोज हो रही है, जिससे बदबू आ रही है। जानकारी मिलते ही एसडीएम मोनिका वाघमारे और तहसीलदार आदर्श जैन ने तत्काल विमान में शव के आसपास स्प्रे और अन्य व्यवस्थाएं कराईं। इसके बाद शवों को दोबारा कॉफिन में सील किया गया, तब जाकर करीब 8:30 बजे फ्लाइट त्रिची के लिए रवाना हो सकी।
दो महिला मृतकों के शव भी भेजे गए
इससे पहले शनिवार को दो महिला मृतकों के शव विमान से उनके गृह राज्यों भेजे गए थे, जबकि रविवार को एक अन्य शव कार्गो फ्लाइट से रवाना किया गया। सभी मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों तक शव पहुंचाने की प्रक्रिया लगातार जारी है।
गौरतलब है कि 30 अप्रैल को बरगी बांध में हुए इस क्रूज हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई थी। प्राथमिक जांच में खराब मौसम के अलर्ट की अनदेखी को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
एक नजर में घटनाक्रम
सोमवार सुबह 8:30 बजे चार्टर्ड विमान दो शव लेकर तमिलनाडु के लिए रवाना हुआ
मृतक कामराज आर और उनके 5 वर्षीय बेटे के शव भेजे गए
रविवार को खराब मौसम के कारण फ्लाइट लैंडिंग नहीं हो सकी
शवों को दोबारा मरचुरी में रखना पड़ा
अब तक क्या हुआ
30 अप्रैल को बरगी बांध में क्रूज हादसा हुआ
13 लोगों की मौत, जिनमें 4 बच्चे और 8 महिलाएं शामिल
28 लोगों को सुरक्षित बचाया गया
मौसम अलर्ट की अनदेखी हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है
यह भी पढ़ें- क्रूज हादसा: बरगी में चल रहे सर्च अभियान में दो बच्चों के शव मिले, मृतक संख्या 11 हुई