ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी पर शुक्रवार को होगी हाई कोर्ट में सुनवाई
भोपाल निवासी समर्थ सिंह अपराध दर्ज होने के बाद से फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम बढ़ाकर 30 हजार कर दिया है। समर्थ की अग्रिम जमानत ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 21 May 2026 07:50:29 PM (IST)Updated Date: Thu, 21 May 2026 07:54:54 PM (IST)
ट्विशा शर्मा डेथ केस।HighLights
- समर्थ सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी पर सुनवाई आज।
- ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थिति में मौत का मामला।
- आवेदन में पूरे मामले की सीबीआई जांच की भी मांग।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। भोपाल की पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह की बहू ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में आरोपित बनाए गए पति समर्थ सिंह ने हाई कोर्ट में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन पेश किया है। समर्थ पर मृतका पत्नी ट्विशा को प्रताड़ित करने के आरोप हैं। मामले पर शुक्रवार को सुनवाई होगी।
जमानत आवेदन में पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग भी की गई है। इससे पहले भोपाल की कोर्ट ने 18 मई को आरोपित पति समर्थ सिंह को अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया था।
समर्थ की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेन्द्र सिंह हाई कोर्ट में पैरवी करेंगे। उन्होंने अवगत कराया कि आरोप अनर्गल हैं और केस झूठा है। वाट्सएप चैट में प्रताड़ना और दहेज की कहीं भी कोई भी बात नहीं है।
चैट को एडिट किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस पूरी घटना को नाटकीय मोड़ दिया गया है। उन्होंने दावा किया कि साढ़े चार माह की शादी में ट्विशा पांच बार मायके गई। मायके से वापस आने पर ही उसके व्यवहार में बदलाव आता था।
भोपाल के ट्विशा शर्मा मामले में बड़ी कार्रवाई, पूर्व जज गिरिवाला सिंह पद से हटाईं गई, आदेश जारी
अपराध दर्ज होने के बाद से फरार है समर्थ
- भोपाल निवासी समर्थ सिंह अपराध दर्ज होने के बाद से फरार है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार का इनाम बढ़ाकर 30 हजार कर दिया है। समर्थ की अग्रिम जमानत भोपाल की कोर्ट से निरस्त हो चुकी है। इसलिए गिरफ्तारी से बचने हाई कोर्ट की शरण ली गई है।
- दरअसल, 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की दिसंबर, 2025 में भोपाल निवासी समर्थ सिंह से शादी हुई थी। दोनों का रिश्ता वैवाहिक वेबसाइट के माध्यम से तय हुआ था।
- विवाह दिल्ली में संपन्न हुआ और इसके बाद ट्विशा अपने पति के साथ भोपाल में रहने लगी। कुछ दिन पहले वह अपने घर में फंदे से लटकी मिली थी। उस समय वह गर्भवती भी थी।
- ट्विशा के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की, उसे मारकर लटकाया गया है।
- वहीं दूसरी ओर समर्थ व उसकी मां गिरिबाला सिंह, जो सेवानिवृत्त जिला जज हैं, का आरोप है कि ट्विशा नशीले पदार्थों का सेवन करती थीं और मानसिक रूप से अस्थिर थी।
- मानसिक स्थिति और कथित नशे की लत उन घटनाओं की वजह बनी, जिनका अंत मौत के रूप में हुआ।