
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम को एक युवक के घर में महिला का शव फंदे पर लटका मिला है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शीतलामाई में अतुल कोरी मां आशा के साथ रहता है। शुक्रवार को आशा विवाह समारोह में शामिल होने गई थीं। घर में अतुल अकेला था। इसी दौरान आसपास के लोगों ने आरती चौधरी (40) को अतुल के घर में जाते देखा।
उसके कुछ देर बाद अतुल घर से निकला और ताला लगाकर कहीं चला गया। संदिग्ध घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंची। दरवाजा खुलवाया तो वहां महिला का शव मिला। आशंका है कि महिला की हत्या की गई है। शव का शनिवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
गोरखपुर थाना क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने आत्मघाती कदम उठाया। जांच के बाद पति, सास और जेठ के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। रीवा कालोनी सिद्धनाथ निवासी शिखा यादव (27) का 9 मई, 2019 को मुकेश यादव से विवाह हुआ था।
दहेज कम मिलने का बोलकर ससुराल वाले उसे परेशान करते थे। शिखा ने 13 अप्रैल को बेटे रिषांत यादव के जन्मदिन के दौरान ससुराल में खुद पर केरोसीन डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसी शिखा को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 22 अप्रैल को उसकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया कि घटना के दिन शिखा का जेठ सतीश यादव से विवाद हुआ था। उसके बाद शिखा के साथ मारपीट की गई और गला दबाया। इससे आहत होकर उसने आत्मघाती कदम उठा लिया। उसे बचाने की कोशिश में परिवार का एक बच्चा भी झुलस गया था। पुलिस ने जांच के आधार पर आरोपित पति मनीष यादव, जेठ सतीश यादव और सास सुमित्रा यादव के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जबलपुर: गोरखपुर थाना क्षेत्र में एक महिला ने ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना का वीडियो बना लिया और फिर उसे प्रसारित करने की धमकी देकर परेशान करने लगा। जांच के बाद आरोपित विनोद विश्वकर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र निवासी 40 वर्षीय महिला ने तीन मई को फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली थी। घटना के समय महिला का पति बाहर गया हुआ था। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे जब वह घर लौटा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला।
कई बार आवाज देने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने खिड़की से अंदर देखा। महिला फंदे पर लटकी हुई थी। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित विनोद विश्वकर्मा महिला को परेशान कर रहा था।
वह महिला का पीछा करता था। दो मई को महिला के अकेले होने पर आरोपित जबरन घर में घुसा और उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे बदनाम करने की धमकी दे रहा था।
यह भी पढ़ें- बरगी क्रूज हादसा: जांच समिति नदारद, SDM ने दर्ज किए 30 से ज्यादा लोगों के बयान; कांग्रेस ने लगाया लीपापोती का आरोप