
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। शहर में बेटियों और छात्राओं के लिए सुरक्षित माहौल बनाने के उद्देश्य से जबलपुर पुलिस ने ‘गरिमा अभियान’ को और तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर गुरुवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनिवाल ने खुद मोर्चा संभाला और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास दबिश देकर मनचलों व संदिग्ध रूप से घूमने वाले युवकों पर कार्रवाई की।
महिला थाना प्रभारी मंजू शर्मा और शक्ति टास्क फोर्स की टीम के साथ एएसपी अनु बेनिवाल ने स्कूलों के आसपास पहुंचकर निगरानी की। इस दौरान छात्राओं को परेशान करने, गलत हरकत करने और संदिग्ध तरीके से घूमने वाले युवकों को पकड़ा गया। स्कूलों के आसपास बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट अथवा टूटी-फूटी नंबर प्लेट वाले वाहनों से घूम रहे युवकों पर भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान एएसपी ने स्कूली छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि कहीं कोई शोहदा या मनचला उन्हें परेशान तो नहीं करता। छात्राओं को स्पष्ट संदेश दिया गया कि छेड़छाड़ या किसी भी तरह की परेशानी सामने आने पर चुप न रहें और तत्काल पुलिस को सूचना दें। शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंचेगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित होगी।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि बेटियां स्कूल, कोचिंग, खेलकूद, रिश्तेदारों के घर या किसी भी काम से घर से बाहर निकलें तो उन्हें किसी तरह का भय नहीं होना चाहिए। यदि कोई उन्हें छेड़ने या परेशान करने की कोशिश करता है तो वे निडर होकर पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीम उनकी मदद के लिए तत्पर रहेगी और महिलाओं व बालिकाओं को परेशान करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर की रेत पर ब्रेक, खरीदार की तलाश में खनिज ठेकेदार; हत्या के बाद प्रशासन की सख्ती