
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को जल्द ही स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिलने जा रहा है। हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे 10 सितंबर को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे।
गुजरात हाईकोर्ट के जज रहे जस्टिस कोगजे को हाल ही में मध्य प्रदेश हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार ने देश के आठ हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति के साथ उनकी नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी।
भोपाल स्थित राजभवन में गुरुवार सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा। राज्यपाल मंगूभाई पटेल उन्हें मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाएंगे। जस्टिस कोगजे मध्य प्रदेश हाईकोर्ट के 30वें मुख्य न्यायाधीश होंगे।
शपथ ग्रहण के बाद जस्टिस कोगजे भोपाल से जबलपुर पहुंचेंगे। वे 11 सितंबर को मध्य प्रदेश हाईकोर्ट में मुख्य न्यायाधीश के रूप में औपचारिक तौर पर कार्यभार संभालेंगे। इस अवसर पर सुबह 10.30 बजे हाईकोर्ट के कोर्ट रूम नंबर-1 में औपचारिक स्वागत समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में हाईकोर्ट के न्यायाधीश, सीनियर एडवोकेट, बार पदाधिकारी और न्यायिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। जस्टिस कोगजे के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही मध्य प्रदेश हाईकोर्ट को स्थायी मुख्य न्यायाधीश मिलने के बाद नए प्रशासनिक नेतृत्व की शुरुआत होगी।