
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के परिणामों में पश्चिम बंगाल, असम एवं पाण्डुचेरी में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक जीत पर भारतीय जनता पार्टी जबलपुर महानगर द्वारा भाजपा कार्यालय रानीताल में जीत का जश्न सादगीपूर्ण तरीके से मनाया गया।
पदाधिकार और कार्यकर्ताओं एक-दूसरे को जीत की बधाईयां दी और खुशी व्यक्त कर बंगाल की जनता सहित पूरे देश की जनता को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर झालमुड़ी का वितरण भी कार्यकर्ताओ के बीच किया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने कहा तीन राज्यों में ऐतिहासिक विजयश्री मिली है, बंगाल जैसे महत्वपूर्ण राज्य में ममता बनर्जी की तानाशाह सरकार को जनता ने वोट के माध्यम से जवाब दिया। देश में जनता ही सर्वोपरि है और यह जनादेश भाजपा को मिला है देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अब बंगाल में भी डबल इंजन की सरकार काम करेगी।
यह हम कार्यकर्ताओं के लिए खुशी का अवसर है, किन्तु विगत दिनों बरगी में हुए हादसे से सभी का मन व्यथित है इसीलिए संगठन ने निर्णय लिया है कि भाजपा कार्यकर्ता सादगी से एक दूसरे को शुभकामनाएं देंगे और जनता का आभार व्यक्त करेंगे, जिसने भाजपा को सेवा का अवसर दिया है।
सांसद आशीष दुबे ने कहा कि पश्चिम बंगाल में जहां ममता के शासन में राज्य की स्थिति भयावह थी महिलाओं पर अत्याचार हो रहे थे, आमजनों को घरों से निकलना मुश्किल था, तृणमूल कांग्रेस के संरक्षण में गुंडाराज पनप रहा था परंतु अब जनता ने ममता के अहंकार को कुचलकर भाजपा को जनादेश दिया हैै
पश्चिम बंगाल के साथ ही असम और पाण्डुचेरी में भाजपा ने प्रचंड विजय हासिल की है इन राज्यों में अब जनता का शासन होगा। पूरे देश में उत्साह है प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा है, और देश की जनता को साधुवाद देते हैं कि उसने भाजपा पर विश्वास जताया है।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यालय में बरगी में हुई दुर्घटना में मृतकों को दो मिनिट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।इस अवसर पर प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, विधायक अभिलाष पांडे, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, जबलपुर विकास प्राधिकरण अध्यक्ष संदीप जैन, उपाध्यक्ष प्रशांत केसरवानी, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे, महामंत्री पंकज दुबे, रंजीत पटेल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्रीकान्त साहू, प्रवक्ता डॉ वाणी अहलुवालिया आदि उपस्थित थे।
विधायक अभिलाष पांडेय बोले- महिलाएं स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। जनता से किए वादों को ममता बैनर्जी पूरा नहीं कर पाईं। यही कारण है कि जनता ने टीएमसी को करारा जवाब दिया है। महिलाओं, युवाओं सहित हर वर्ग के लोगों ने भाजपा पर भरोसा किया। जनता ने भाजपा को प्रचंड बहुमत देकर यह विश्वास जताया है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन कल्याणकारी नीतियों से बंगाल में खुशहाली आएगी, राष्ट्रविरोधी ताकतों को जवाब मिलेगा।
बंगाल, असम एवं पुड्डुचेरी के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह है। भाजपा संगठन ने बंगाल व असम में विधानसभा चुनाव के दौरान चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी शहर के कुछ नेताओं को सौंपी थी।
लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह, विधायक अभिलाष पांडेय व मप्र तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष विनोद गोंटिया को असम तथा भाजपा युवा मोर्चा नेता चंद्रशेखर पटेल, डा. जय रोहाणी को चुनाव प्रचार के लिए बंगाल भेजा गया था।
असम चुनाव में संगठन द्वारा मुझे जिम्मेदारी दी गई थी। वहां जाकर देखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री हेमंत विश्वाशर्मा की नीतियों का जनता में इस तरह प्रभाव था कि भारतीय जनता पार्टी जीत चुनाव प्रचार अभियान में ही सुनिश्चित हो गई थी। चूंकि असम राज्य बार्डर पर है, वहां के लोग बाहरी घुसपैठ से चिंतित थे और उन्हें लगता था कि इस घुसपैठ को केवल और केवल भारतीय जनता पार्टी की सरकार ही रोक सकती है।
चुनाव प्रचार के दौरान मैंने देखा कि वहां वंदे मातरम के साथ बैठक प्रारम्भ होती थी और जन गन मन के गान से बैठक समाप्त होती थी। मैंने अनुभव किया क़ि असम के लोगों में राष्ट्रीयता का भाव चरम पर है और उन्हें यह भी पता है कि देश के सीमावर्ती राज्यों की सुरक्षा के लिए जनसंघ के संस्थापक डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बंगाल से निकल कर कश्मीर गए थे और असम के लोग सत्याग्रह करने कच्छ गए थे।
जीत लोगों के विश्वास का परिणाम है
जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक केवल और केवल भाजपा की सरकार ही सीमाओं की सुरक्षा, राज्य का सर्वांगीण विकास और हर वर्ग की चिंता कर सकती है, और लोगों के विश्वास का परिणाम है कि असम में भाजपा को प्रचंड जीत मिली है। असम में 31 जिलों में 3696 किमी का प्रवास किया। इनमें से सिर्फ शिवसागर की सीट भाजपा हारी है, बाकि सभी सीटों पर हम जीते हैं।
राकेश सिंह, मंत्री, लोक निर्माण विभाग
कांग्रेस को जनता ने दिया दंड
जय असम। कांग्रेस की तुष्टीकरण एवं राष्ट्रविरोधी नीतियों के कारण असम की स्वाभिमानी जनता ने जो अधिकतम लोकतांत्रिक दंड दिया जा सकता था, वह कांगेस को दिया है। असम के लोकप्रिय सीएम का चेहरा एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति लोगों का भरोसा, असम में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का कारण बना।
विनोद गोंटिया, अध्यक्ष, मप्र तीर्थ स्थान एवं मेला प्राधिकरण
आजादी के बाद पहली बार भाजपा
बंगाल में भाजपा को मिली प्रचंड जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। जिनकी नीतियों से प्रभावित होकर वहां की जनता ने भाजपा पर पूर्ण भरोसा किया। पार्टी ने मुझे बंगाल में नार्थ 24 परगना की बारासात विधानसभा क्षेत्र में भेजा था। लगभग 45 दिन तक वहां प्रवासी विस्तारक के रूप में कार्य किया। हर बूथ, मंडल तक पहुंचकर, युवाओं को साथ जोड़कर भाजपा के पक्ष में मतदान के लिए आग्रह किया। 2021 में इस विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी को पराजय मिली थी, इस बार पार्टी प्रत्याशी ने 20 हजार से अधिक मतों से जीत का परचम लहराया है। आजादी के बाद यह पहला मौका है जब इस सीट पर कमल खिला है।
डा. जय रोहाणी, युवा मोर्चा
संगठन ने मुझे मालदा जिले की इंग्लिशबाजार विधानसभा सीट की जिम्मेदारी दी थी। 45 दिनों तक सक्रिय रहकर वहां चुनावी अभियान को गति दी। मालदा जिला हाल के समय में कानून-व्यवस्था की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील रहा है। एक अप्रैल 2026 के आसपास हुई एक गंभीर घटना में उग्र भीड़ द्वारा न्यायिक अधिकारियों को कई घंटों तक बंधक बनाए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया था।
ऐसे चुनौतीपूर्ण और तनावपूर्ण वातावरण में चुनावी कार्य करना किसी परीक्षा से कम नहीं था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने निरंतर जनसंपर्क अभियान चलाया। युवा सम्मेलन, युवा चौपाल, बूथ स्तरीय बैठकें और घर-घर संपर्क के माध्यम से संगठन को मजबूत किया गया। लोकतंत्र में जनता के विश्वास, संगठन की शक्ति और कार्यकर्ताओं के समर्पण का परिणाम मिला है।
चंद्रशेखर पटेल, युवा मोर्चा
2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में यह स्पष्ट रूप से देखा गया है कि मतदाताओं ने पिछले चुनावों (जहां ममता बैनर्जी का चेहरा प्रमुख था) के विपरीत, इस बार पार्टी और विचारधारा को वोट किया है। यह बंगाल की राजनीति में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है। मध्यम वर्गीय बंगाली परिवार हर कार्य के लिए टीएमसी कार्यकर्ता को कट मनी देने के चलन से परेशान था।
इस दलाली प्रथा ने नियमों को ताक पर रखकर हर आम और खास को बिना पैसे दिए काम न करने से परेशान कर रखा था। टीएमसी की जनता विरोधी नीति के खिलाफ वोटरों ने अपना मत दिया है। युवाओं ने विकास की उम्मीद के साथ भाजपा के पक्ष में वोट किया है। ताकि अन्य राज्यों की तरह ही बंगाल विकास की राह पर आगे बढ़े।
संस्कारधानी के बंगाली परिवारों, संगठन पदाधिकारियों ने बंगाल चुनावों के नतीजे सामने आने के बाद अपनी ताजा प्रतिक्रिया में कहा कि इस बदलाव से विकास का नया युग होगा आरंभ।
अध्यक्ष सिटी बंगाली क्लब सुब्रत पाल बोले- भारतीय जनता पार्टी ने बंगाल में पहली बार बहुमत का आंकड़ा पार किया है, जो सीधे तौर पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व, पार्टी की विचारधारा और परिवर्तन के नारे पर मुहर है। शहरी और ग्रामीण महिलाओं के बीच टीएमसी का मजबूत आधार था, लेकिन इस बार का रुझान दर्शाता है कि शहरी मध्यम वर्ग और युवा मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया, जो पार्टी की नीतियों पर केंद्रित था। विकास की एक नई शुरूआत कही जा सकती है।
बंगाल की यूथ ब्रिगेड ने इस बार बढ-चढ़कर भाजपा को वोट किया है। उसे उम्मीद है कि अन्य राज्यों की तरह ही बंगाल विकास की राह में तेजी से अब आगे बढ़ेगा, विकास में जहां पीछे छूट गया उसमें प्रगति होगी और बीमारू राज्य की श्रेणी से बाहर आ सकेगा।
सचिव सिटी बंगाली क्लब प्रकाश साहा बोले- इस बार का जनमत चेहरा नहीं पार्टी को गया है। मतदाता ने ठान रखा था कि भाजपा को जिताना है तो जिताना है। सबसे ज्यादा टीएमसी से मध्यमवर्गीय बंगाली परिवार त्रस्त था, हर एक कार्य के लिए कट मनी की देनी होती थी।
जिला उपाध्यक्ष भाजपा जबलपुर तृष्णा चटर्जी का कहना है कि भाजपा की जीत से मुझे बेहद प्रसन्नता है। बंगाल की जनता ने भाजपा को एकतरफा वोट किया है। राज्य में एक नए युग का सूरज फिर उगने जा रहा है, जिसमें समाज के सभी वर्गों का सम्मान, शांति और विकास पहली प्राथमिकता होगी। टीएमसी के शासनकाल में हिंसा, अराजकता व सामाजिक भेदभाव चरम पर था। लोग परेशान थे, बदलाव चाहते थे। अवसर मिलते ही उन्होंने अपना जनमत प्रदर्शित कर दिया।
सत्ता के खिलाफ वोट गया
बंगाल का इस बार का जनमत सत्ता के खिलाफ गया है। मतदाताओं ने इस बार घर से निकलकर बंपर वोटिंग की है और जो उनके मन में सत्ता के खिलाफ आक्रोश था उसे उजागर कर दिया। निश्चित रूप से राजनीति में सब कुछ अनिश्चित रहता है। जनमत किस करवट बैठेगा यह वोटर को ही पता होता है।
उत्तम विश्वास, आम नागरिक
मतदाता के मूड को समझना मुश्किल
लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है। हालांकि बंगाल के मतदाताओं ने अपना फैसला सुना दिया है। परिवर्तन प्रकृति का नियम है, मतदाताओं के मूड को समझना मुश्किल होता है। इस बार के बंगाल चुनाव अनेक मुद्दों पर लड़ा गया, जनमत के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए।
अर्नव दासगुप्ता, राष्ट्रीय संगठन मंत्री एआइडीईएफ
अत्याचार, तुष्टिकरण की राजनीति कब तक चलती
बंगाल की जनता ने अपना फैसला सुना दिया है। भाजपा को अपार वोट कर अपना आशीर्वाद दिया है, यह पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति उनका विश्वास प्रगट करता है। निश्चित रूप से बंगाल के लोग टीएमसी की जनता विरोधी नीति से त्रस्त हाे चुके थे। आखिर अत्याचार आम जन कब तक सहता। मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कब तक चलती। राज्य में विकास रूक सा गया था। जो अब भाजपा शासन में लोगों को नजर आएगा।
दीपांकर बैनर्जी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य भाजपा
यह भी पढ़ें- जबलपुर में देर रात दुर्घटना: कंटगी बायपास के पास लॉजिस्टिक गोदाम में लगी भीषण आग, अनाज, तेल खाक