
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। लंबे समय से मांग के बाद जबलपुर और कोलकाता के बीच सीधी विमान सेवा शनिवार से शुरू हो गई। पहले दिन कोलकाता से विमान सुबह करीब 9:35 बजे जबलपुर पहुंचा। विमान के डुमना विमानतल पहुंचते ही वाटर कैनन सलामी देकर उसका स्वागत किया गया।
विमान के जबलपुर पहुंचने पर यात्रियों के स्वागत के लिए सांसद आशीष दुबे सहित विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि विमानतल पहुंचे। विमान में कोलकाता से 17 यात्री जबलपुर पहुंचे।
जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का स्वागत किया और नई हवाई कनेक्टिविटी के लिए खुशी जताई। वहीं, करीब 10 बजे विमान जबलपुर से कोलकाता के लिए रवाना हुआ। पहले दिन जबलपुर से 28 यात्री कोलकाता के लिए रवाना हुए।
लंबे समय बाद कोलकाता के लिए सीधी उड़ान शुरू होने से यात्रियों में खासा उत्साह नजर आया। यात्रियों का कहना है कि सीधी विमान सेवा शुरू होने से जबलपुर और कोलकाता के बीच आवागमन आसान होगा और समय की भी बचत होगी।
रिलायंस एयरलाइंस की यह विमान सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कोलकाता से विमान सुबह करीब 9:30 बजे जबलपुर के लिए उड़ान भरेगा और जबलपुर पहुंचने के बाद सुबह 10 बजे कोलकाता के लिए रवाना होगा। इस सेवा से जबलपुर के साथ महाकौशल क्षेत्र के यात्रियों को भी कोलकाता की सीधी हवाई कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के करौंदा बायपास पर मोबाइल ई-कोर्ट की कार्रवाई, दो वाहन जब्त; गंदगी करने पर काटे चालान