
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। मौसम का मिजाज आज से फिर बदल सकता है। वर्तमान में एक साथ अलग-अलग स्थानों बारिश करने वाली प्रणालियां मजबूती के साथ सक्रिय है। जिससे आगामी 24 से 48 घंटे के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के अनेक हिस्सों में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना जताई जा रही है।
आसमान पर बादलों की आवाजाही बनी रही कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी भी हुई। वातावरण में हल्की नमी रही। मानसून सीजन में अब तक 617.8 मिमी बारिश हो चुकी है। जबकि गत वर्ष आज के दिन तक बारिश का आंकड़ा 1022.5 मिमी तक पहुंच गया था। बहरहाल मंगलवार को मौसम सामान्य रहा।
मौसम के मिजाज को देखते हुए ये माना जा रहा है कि आगामी दिनों में बारिश का आंकड़ा बढ़ सकता है। मंगलवार को दिन का तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को मौसम खुशनुमा बना रहा। आगामी दिनों में तापमान में और गिरावट की संभावना है।
गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तर तटीय ओडिशा तथा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना स्पष्ट निम्न दबाव का क्षेत्र पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तर तटीय ओडिशा, झारखंड और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।
अगले 48 घंटों के दौरान उत्तर ओडिशा और झारखंड से होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है। मानसून ट्रफ भी स्पष्ट निम्न दबाव के केंद्र से गुजरते हुए पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक दक्षिण-पूर्व की ओर जा रही है।
एक अन्य ट्रफ, गंगीय पश्चिम बंगाल और उससे लगे उत्तर ओडिशा, झारखंड तथा उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने स्पष्ट निम्न दबाव के क्षेत्र से जुड़े चक्रवाती परिसंचरण से झारखंड और बिहार होते हुए उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है। इसके अलावा, एक ट्रफ, दक्षिण गुजरात से लेकर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए स्पष्ट निम्न दबाव के क्षेत्र के चक्रवाती परिसंचरण तक जा रही है।
यह भी पढ़ें- ए क्लास अधिकारी का बी क्लास नगर पालिका में तबादला नहीं कर सकते... एमपी हाई कोर्ट का बड़ा फैसला