हाई कोर्ट के जज से भाजपा विधायक को संपर्क की कोशिश पड़ी भारी, MLA के खिलाफ याचिका दायर
विजयराघवगढ़, कटनी से भाजपा विधायक संजय पाठक द्वारा हाई कोर्ट के एक जज से संपर्क करने की कोशिश के मामले में युगलपीठ के समक्ष याचिका दायर की गई है। ...और पढ़ें
Publish Date: Wed, 18 Mar 2026 09:20:04 PM (IST)Updated Date: Wed, 18 Mar 2026 09:20:04 PM (IST)
भाजपा विधायक संजय पाठक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग।HighLights
- भाजपा विधायक संजय पाठक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग।
- न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप।
- न्यायमूर्ति ने स्वयं को सुनवाई से किया अलग।
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। विजयराघवगढ़, कटनी से भाजपा विधायक संजय पाठक द्वारा हाई कोर्ट के एक जज से संपर्क करने की कोशिश के मामले में युगलपीठ के समक्ष याचिका दायर की गई है।
याचिका में विधायक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है। नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर के अनुसार मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा व न्यायमूर्ति विनय सराफ की युगलपीठ ने मामले की सुनवाई 26 मार्च को निर्धारित की है।
न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप
कटनी निवासी आशुतोष दीक्षित की ओर से याचिका दायर कर आरोप लगाया गया है कि विधायक ने हाई कोर्ट के जज से संपर्क करने की कोशिश की थी, जो न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास माना जा सकता है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि पाठक परिवार से जुड़ी खदानों के मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति विशाल मिश्रा की एकलपीठ में निर्धारित थी। इसी दौरान एक सितंबर 2025 को न्यायमूर्ति मिश्रा ने स्वयं इस बात का खुलासा किया था कि विधायक द्वारा उनसे संपर्क करने की कोशिश की गई थी।
न्यायमूर्ति ने स्वयं को सुनवाई से किया अलग
न्यायमूर्ति मिश्रा ने निष्पक्षता बनाए रखने के उद्देश्य से मामले की सुनवाई से खुद को अलग कर लिया था। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को प्रशासनिक स्तर पर मुख्य न्यायाधीश के समक्ष भेजने का निर्देश भी दिया था।
याचिका में कहा गया कि इस पूरे मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मुख्य न्यायाधीश की युगलपीठ ने अब इस मामले की सुनवाई 26 मार्च को नियत की है।