
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर । संभाग के खिलाड़ियों ने मसल्स का शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय शरीर सौष्ठव स्पर्धा में मप्र के लिए प्रमुख खिताब जीते।
जिला शरीर सौष्ठव संघ के सचिव सचिन यादव ने बताया कि रत्नागिरी (महाराष्ट्र) में हुई राष्ट्रीय फिटनेस एवं बाडीबिल्डिंग स्पर्धा में मेजबान महाराष्ट्र सहित 15 राज्यों से 275 प्रतिभागियों ने हिसा लिया। स्पर्धा देश के 7 प्रतिष्ठापूर्ण खिताब भारत उदय, भारत किशोर, भारत कुमार, भारत केसरी, भारत श्री एवं मेंस फिजिक, क्लासिक फिजिक के लिए किया गया।
विभिन्न वर्गों में मध्य प्रदेश के 12 शरीर साधकों का चयन किया गया था। स्पर्धा के पहले ही दिन जबलपुर के स्टार शरीर साधक आसिफ मूसा ने भारत उदय के प्रथम समूह, करन कुमार ने भारत केसरी के द्वितीय ग्रुप में एवं स्पर्धा के दूसरे दिन चंद्रभान धुर्वे ने भारत किशोर तृतीय समूह में भारी कश्मकश के पश्चात न केवल अपने अपने वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक पर अपना कब्जा जमाया।
महाराष्ट्र एवं कर्नाटक के दिग्गज बाडीबिल्डर्स को चुनौती देते हुए भारत उदय, भारत केसरी एवं भारत किशोर खिताब पर अपना कब्जा जमाया।
मध्य प्रदेश शरीर सौष्ठव टीम से जबलपुर ने इतनी बड़ी सफलता हासिल की है। वहीं भारत केसरी के प्रथम वर्ग समूह में विकास कनोजिया ने तृतीय स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया। द्वितीय वर्ग समूह में महेन्द्र पटेल ने चतुर्थ स्थान अर्जित किया। केसरी में अभिजीत गर्ग एवं अनूप दीवान का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
50 वर्ष के ऊपर की प्रतियोगिता केसरी- 2 में देवेंद्र तिवारी पांचवें स्थान पर रहे। टीम के कोच शैलेन्द्र श्रीवास्तव एवं मैनेजर अमित सोनकर रहे। राष्ट्रीय स्पर्धा को सम्पन्न कराने में नेशनल रेफरी शकील अनवर, डॉ राकेश तिवारी एवं सचिन यादव को आमंत्रित किया गया था।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में पूर्व छात्र बनकर ठग ने शिक्षिका को लगाया चूना, उपहार के नाम पर हड़पे 4 लाख रुपये