
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बरगी क्रूज हादसे के पर्यटकों के बयान दर्ज करने के बाद शुक्रवार को प्रशासनिक दल बरगी मेकल रिसार्ट पहुंचा। यहां जबलपुर एसडीएम अभिषेक सिंह, तहसीलदार पूर्णिमा समेत प्रशासनिक कर्मचारियों ने एक-एक कर कर्मचारियों के बयान दर्ज किए।
बयानों की वीडियो रिकार्डिंग की गई
इस दौरान क्रूज हादसे में पर्यटकों को बचाने वाले बचाव दल के सदस्यों से भी पूछताछ कर उनके बयानों की वीडियो रिकार्डिंग की गई। उन मजदूरों को भी बयान दर्ज कराने बुलाया गया था, जिन्होंने पर्यटकों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई थी। सुबह से देर शाम तक लगभग 30 से ज्यादा प्रत्यक्षदर्शियों, रिसार्ट कर्मचारियों और मजदूरों से पूछताछ की गई। हालांकि यहां भी घटना की जांच के लिए बनी कमेटी के सदस्य मौजूद नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति में ही बयान दर्ज किए जा रहे हैं, जिससे जांच समिति और इसकी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो गए हैं।
कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई
इधर बयान दर्ज करने के दौरान जांच दल के मौजूद नहीं होने को लेकर कांग्रेस ने आपत्ति दर्ज कराई है। पूर्व मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया का कहना है कि इतना बड़ा हादसा हो गया और जांच दल की मौजूदगी के बिना ही पीड़ित पर्यटकों और बचाव दल के बयान दर्ज कर लिए गए। यह सीधे तौर पर जांच में लीपापोती है। प्रदेश सरकार और प्रशासन नहीं चाहता कि जांच में सही तथ्य सामने आएं। कांग्रेस इसका विरोध करती है।
सुबह से शाम तक दर्ज हुए बयान
एसडीएम अभिषेक सिंह ने पहले उन लोगों के बयान दर्ज किए, जो बचाव दल में शामिल थे। इनमें रिसार्ट के अलावा पास में ही जल जीवन मिशन में काम कर रहे मजदूरों के बयान दर्ज कराए गए। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त पास में ही थे। एक मजदूर ने बताया कि उस वक्त बरगी में तेज तूफान था और ऊंची-ऊंची लहरें उठ रही थीं, जिसे वह अपने मोबाइल में रिकार्ड करने के लिए वीडियो बना रहा था, तभी उसने क्रूज हादसे को अपने कैमरे में कैद किया।
काम करने वाले कर्मचारी बयान देने से बच रहे थे
इधर रिसार्ट में काम करने वाले कर्मचारी बयान देने से बच रहे थे। उनकी लड़खड़ाती आवाज से लग रहा था कि मानो किसी के दबाव में अपने बयान दे रहे हों। गौरतलब है कि इस हादसे के बाद टिकट काउंटर कर्मचारी की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं और रिसार्ट प्रभारी को निलंबित किया गया है, जिससे अन्य कर्मचारियों में डर का माहौल है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर के बरगी हादसे में लापरवाही ने ली जान, क्रूज के दोनों इंजन थे खराब; मार्च में दी थी जानकारी