SBI से 12.87 करोड़ रुपये का कर्ज लेकर डकारने वाला डायरेक्टर राजीव लोचन सोनी गिरफ्तार; CBI के हत्थे चढ़ते ही बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती
सीबीआई ने इंदौर के सोनी अस्पताल लिमिटेड के डायरेक्टर राजीव लोचन सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपित राजीव लोचन को सीबीआई के जबलपुर दल ने इंदौर से गुरुवार ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 03 Apr 2026 10:47:06 PM (IST)Updated Date: Fri, 03 Apr 2026 10:47:06 PM (IST)
डायरेक्टर राजीव लोचन सोनी गिरफ्तार( सांकेतिक फोटो)HighLights
- 12.87 करोड़ के बैंक घोटाले में आरोपी गिरफ्तार
- गिरफ्तारी के बाद आरोपी अस्पताल में भर्ती
- फरार भाई विजय की तलाश में जुटी सीबीआइ
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के करोड़ों रुपये के बैंक ऋण धोखाधड़ी के मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने इंदौर के सोनी अस्पताल लिमिटेड के डायरेक्टर राजीव लोचन सोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपित राजीव लोचन को सीबीआई के जबलपुर दल ने इंदौर से गुरुवार को पकड़ा।
जैसे ही वह सीबीआई के हाथ आया, बीमार हो गया। उसे स्वास्थ्य परीक्षण के लिए ले जाया गया। इस दौरान वह अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। गिरफ्तारी के साथ ही उसके बीमार होने से आवश्यक पूछताछ नहीं हो सकी। सीबीआइ टीम उसके स्वस्थ होने की प्रतीक्षा कर रही है। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद आरोपित को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
धोखाधड़ी के मामले में सीबीआइ के निशाने पर आरोपित राजीव लोचन का भाई विजय भी है, लेकिन छापेमारी की भनक लगते ही वह गायब हो गया।
फर्जीवाड़ा कर करोड़ों की बैंक क्रेडिट लिया
सोनी ने इंदौर में स्टेट बैंक आफ इंडिया की आइएनटी शाखा से वर्ष 2006 से 2011 के बीच कैश क्रेडिट लिमिट और लेटर आफ क्रेडिट प्राप्त की थी। क्रेडिट प्राप्त करने के लिए उसने अभिलेखों में फर्जीवाड़ा किया। 12 करोड़ 87 लाख रुपये का ऋण लेकर उसका अन्य कार्यों में उपयोग किया। बैंक ऋण एनपीए में चला गया।
मामले में एसबीआइ ने वर्ष 2022 में सीबीआइ को शिकायत की थी। जांच के बाद सीबीआइ जबलपुर ने आरोपित राजीव लोचन सोनी और उसके छोटे भाई विजय सोनी पर एफआइआर दर्ज की थी।
घर में मिला राजीव, विजय की तलाश जारी
आरोपित भाइयों को पकड़ने के लिए सीबीआइ की जबलपुर टीम दो दिन तक इंदौर में थी। आरोपितों के बारे में जानकारी जुटा रही थी। गुरुवार को टीम ने न्यू पलासिया के मनोरमागंज स्थित राजीव लोचन सोनी के आवास में छापा मारा। आरोपित राजीव घर पर मिल गया, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया।