
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर के नागरिकों स्वच्छता के संस्कार आ रहे हैं। स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान के तहत बीतों दिनों वार्डों के बीच कराई गई स्वच्छ प्रतिस्पर्धा में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया।
स्वच्छता में उत्कृट प्रदर्शन करने वाले पार्षद, सफाई मित्रों व संस्थानों को महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, निगमाध्यक्ष रिकुंज विज द्वारा मंच पर सम्मानित किया गया।
संस्कारधानी को स्वच्छता के शिखर पर ले जाने के संकल्प के साथ नगर निगम जबलपुर द्वारा गुरुवार को स्वच्छता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें 10 से अधिक श्रेणियों में पुरस्कार वितरित किए गए।
वार्ड पार्षद लवलीन आनंद को द्वितीय, एवं नरसिंह वार्ड पार्षद डिम्पल टाॅक को तृतीय पुरस्कार स नवाजा गया। राजनीतिक नेतृत्व में महाराजा अग्रसेन वार्ड पार्षद कमलेश अग्रवाल को प्रथम, एमआइसी सदस्य राम सोनकर को द्वितीय, एवं नेताप्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ।
सफाई मित्र में संभाग 15 के आरती हीरा, सुशीला दयाराम को प्रथम, मुख्यालय विशेष दल जोडन आत्मज उदेश और राजेश आत्मज हीरालाल को द्वितीय, एवं संभाग पांच की बुज्जी चौधरी, येवसुवा जेम्स को तृतीय पुरस्कार दिया गया।
सबसे स्वच्छ वार्ड के अंतरगत सुभाष चंद्र बैनर्जी वार्ड के पार्षद श्याम कनौजिया को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। जबकि स्वामी दयानंद सरस्वती वार्ड दूसरे स्थान पर रहा। इसी तरह होटल, स्कूल और अस्पताल सहित ब्रांड एम्बेस्डर को भी पुरस्कृत किया गया।
सम्मान समारोह के उपरांत महापौर ने स्वच्छता प्रहरी सेवा वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और कहा कि नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए स्वच्छता प्रहरी मोबाइल एक्शन टीम का गठन किया गया है।
समारोह के दौरान महापौर और निगमायुक्त ने संयुक्त रूप से कहा कि जबलपुर को नंबर-1 बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। थ्री आर ऑन व्हील और स्वच्छता प्रहरी जैसी योजनाएं न केवल शहर को सुंदर बनाएंगी, बल्कि जनता जनार्दन और प्रशासन के बीच की दूरी को भी कम करेंगी। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी जनसमूहों को महापौर ने स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।
शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के शीर्ष शहरों में शामिल कराने के लिए स्वच्छता फीडबैक देने भी नागरिक आगे आ रहे हैं। इस दौरान 13 सवालों के आसान से जवाब भी दे रहे हैं। नागरिकों के फीडबैक से शहर की स्वच्छता रैकिंग बढ़ेगी। महापौर जगत बहादुर सिंह ''अन्नू'' ने नगर को स्वच्छ, सुंदर औरनंबर-1 बनाने के संकल्प के साथ नागरिकों से सीधा संवाद कर फीडबैक देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
गुरुवार को भी महापौर ने नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनसे सकारात्मक फीडबैक देने की अपील की। इस दौरान उन्होंने खुद खड़े होकर सैंकड़ों लोगों से स्वच्छता सर्वेक्षण का फीडबैक प्राप्त किया।
महापाैर ने शासकीय निवास परिसर में दुकानदारों, राहगीरों और रहवासियों से चर्चा की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने डिजिटल और फिजिकल माध्यमों से नागरिकों को बताया कि उनका एक सकारात्मक फीडबैक जबलपुर की रैंकिंग सुधारने में कितना महत्वपूर्ण है।
स्वच्छता कार्यों का जायजा लेने गुरुवार को निगमायुक्त ने रानी लक्ष्मी बाई वार्ड का सघन दौरा किया। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने स्वच्छता व्यवस्थाओं और जन-सुविधाओं का जायजा लिया और इस दौरान बच्चों के साथ स्वच्छता मैच खेलकर स्वच्छता का संदेश भी दिया।
निगमायुक्त अहिरवार ने वार्ड की सफाई व्यवस्था के साथ-साथ सड़कों, प्रकाश व्यवस्था और जल आपूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-समस्याओं का निराकरण त्वरित गति से किया जाए और स्वच्छता के मानकों में कोई समझौता न हो।
स्थानीय पार्षद कृष्णा दास ने वार्ड की प्रमुख आवश्यकताओं से निगमायुक्त को अवगत कराया। इस अवसर पर निगमायुक्त के साथ अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चैहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्त, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त क्रिकेट खेल रहे बच्चों के बीच पहुंचकर न केवल उनके साथ स्वच्छता क्रिकेट खेला, बल्कि शानदार बल्लेबाजी करते हुए कई चौके-छक्के भी लगाए। खेल के बाद उन्होंने बच्चों के साथ स्वच्छता संवाद किया, जिसमें उन्होंने नन्हे नागरिकों को शहर को साफ रखने में उनकी भूमिका के बारे में समझाया।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में बेटे को सबक सिखाने आए थे, पिता की चाकू मारकर कर दी हत्या