
नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। बढ़ती आबादी के साथ शहर में अग्नि हादसों में भी इजाफा हो रहा है। आए दिन बड़े अग्निहा दसों से शहर दहल रहा है। गत दिनों कंटगी बायपास के पास स्थित यूनिटी लाजिस्टिक पार्क (वेयर हाउस) में लगी भीषण आग से लोग दहल उठे।
ये आग इतनी विकराल थी उसे काबू करने में 15 घंटे लग गए। नगर निगम की टीम अपने सीमित संसाधनों से आग को काबू करने का प्रयास करती रही परंतु आग ने सबकुछ जलाकर राख कर दिया।

अग्नि हादसों से निपटने के लिए कारोबारी, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के पास पर्याप्त जरूरी संसाधन नहीं है वहीं नगर निगम भी अग्नि हादसों की रोकथाम के लिए निर्धारित मानकों के तहत प्रतिष्ठानों को सक्षम बनाने ठोस उपाय व कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
शहर में अब भी ऐसे कई गोदाम है जो रहवासी क्षेत्र में संचालित हो रहे है। अधारताल, रद्दीचौकी, दमोहनाका, गुरंदी, मिलौनीगंज, मदनमहल सहित अन्य क्षेत्र में फर्नीचर, टायर सहित पुराने सामग्री के बड़े-बड़े गोदाम संचालित है। बावजूद इसके जिम्मेदार लापरवाह बने हुए हैं।
मक्का नगर रद्दी चौकी के पास में 24 जनवरी 2023 को रजाई-गद्दे के कारखाने में भीषण आग लगने से 25 वर्षीय महिला और उसकी पांच साल की बेटी की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। मां-बेटी कारखाने के अंदर फंस गए थे, जिससे बाहर निकलने का मौका नहीं मिला था।
26 मार्च-अधारताल में फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग
आधारताल सब्जी मंडी के पास स्थिति क्लासिक प्लाईवुड फर्नीचर गोदाम में आग लग गई थी। आग इतनी तेजी से फैली कि पास स्थित एक और फर्नीचर दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। पांच दमकल वाहनों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन जब तक फर्नीचर गोदाम पूरी तरह से जलकर खाक हो चुका था।
27 मार्च-गुरंदी में रात में अगरबत्ती की दुकान खाक
शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात शहर के सबसे व्यवसायिक क्षेत्र लकड़गंज गुरंदी में एक पूजन सामग्री की दुकान जलकर खाक हो गई। दुकान में अगरबत्ती, नारियल की रस्सी आदि ज्वलनशील सामग्री होने से आग इतनी भीषण रही बैग की दुकान तक पहुंच गई। आग बुझाने के लिए नगर निगम के फायर ब्रिगेड के तीन दमकल वाहन खाली गए।
5 अप्रैल - गुरंदी में कबाड़ की तीन दुकानें खाक
शहर के सबसे व्यस्ततम पुराने बाजार क्षेत्र गुरंदी में संचालित कबाड़ की तीन दुकानों में आग लग गई थी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में बाजार धुएं के गुबार से भर गया। फायर ब्रिगेड के चार दमकल वाहन पहुंचे और फायर फाइटर्स ने कड़ी मशक्कत करते हुए दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया था।
व्यापारिक प्रतिष्ठानों को अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम करने कहा जा रहा है। फायर सेफ्टी नियमों का पालन हो रहा या नहीं इसकी भी जांच की जा रही है। इसमें और सख्ती लाई जाएगी।
कुशाग्र ठाकुर, अधीक्षक, फायर ब्रिगेड
यह भी पढ़ें- जबलपुर में सुबह 6 बजे से आधी रात तक सफाई, तीन शिफ्टों में होंगे कर्मचारी