

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। महाकोशल-विंध्य अंचल के विभिन्न जिलों में दो दिन से कभी तेज, कभी रिमझिम बारिश हो रही है। लगातार बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है। इससे कई स्थानों पर आवागमन बाधित हो गया तो कुछ जगह से अप्रिय घटनाएं भी सामने आ रही हैं। मैहर में मामा के साथ दो भांजे नदी में बह गए। दो के शव बरामद हो चुके हैं और एक की तलाश की जा रही है।
रीवा में नाला में डूबने से दो नाबालिगों और सीधी में तालाब में डूबने से दो बालकों की मौत हो गई। उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, मंडला में झमाझम के साथ अन्य जिलों में भी बारिश होने से निचले क्षेत्रों में पानी भर गया है। 24 घंटे में उमरिया में 205.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। करकेली में 189.8 मिमी, ब्यौहारी में 112 मिमी और उमरिया नगर में 103 मिमी बारिश हुई। अलावा मंडला के नारायणगंज में 89.2 मिमी, बिछुआ में 84.4 मिमी और तेंदूखेड़ा-दमोह में 87.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। शहडोल और डिंडौरी में 25 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई।
मंडला में सबसे ज्यादा वर्षा नारायणगंज व निवास तहसील क्षेत्र में हुई है। जिले में छह तहसीलों में 24 घंटे में 34.2 मिमी औसत बारिश दर्ज की गई है। सुबह से ही रिमझिम बारिश दोपहर तक होते रही। इसके बाद से बारिश थमी हुई है। मंडला तहसील में 14.4 मिमी, नैनपुर में 23.2, बिछिया में 23.0, निवास में 49.6, घुघरी में 8.6, नारायणगंज में 86.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
मैहर जिले के अमरपाटन तहसील अंतर्गत नादन देहात थाना क्षेत्र में शनिवार रात जुड़ा गांव के पास नदी पार करते समय तेज बहाव की चपेट में आने से दो सगे भाइयों समेत तीन लोग बह गए। हादसे में विराज कुशवाहा (7), सार्थक कुशवाहा (5) और उनके मामा अंकुल कुशवाहा (19) नदी में बह गए। रविवार को दिनभर चले सर्च आपरेशन के दौरान सार्थक और अंकुल का शव बरामद कर लिया गया, जबकि विराज की तलाश अभी जारी है।
रीवा में दो नाबालिगों की डूबने से मौत
नईगढ़ी जनपद क्षेत्र के हरदी तिवरियान गांव में छर्रहा नाला में नहाने गए दो नाबालिग प्रकाश (14) पिता सुरेंद्र बहादुर सिंह व वंश (13) उर्फ रितिक मिश्रा, दोनों निवासी हरदी तिवरियान, 15 अगस्त की शाम करीब 4 बजे गांव के छर्रहा नाला में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों बच्चे पानी में डूब गए, जिससे दोनों की मौत हो गई।
सीधी जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी बम्हनी के ग्राम हस्तिनापुर में खेत में बने तालाब में नहाने गए दो बालक अर्पित (8) पिता ओमप्रकाश केवट व पंकज (14) केवट पिता रमेश केवट की पानी में डूबने से रविवार को मौत हो गई।
शनिवार की रात हुई वर्षा ने उमरिया जिला मुख्यालय के चपहा कालोनी के साथ आसपास के कई ग्रामों में परेशानी बढ़ा दी। करौंदी नाला उफान पर होने से देर रात तक आवागमन प्रभावित रहा। ग्राम बरतराई के पास स्थित पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बहने लगा। इससे पुल का ऊपरी हिस्सा बह गया। पुल क्षतिग्रस्त होने के बाद गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क बाधित हो गया और ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। मिट्टी वाले कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार के लिए सीधी और डिंडौरी जिलों में भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट और प्रदेश के बाकी सभी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं 19 और 20 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा होने का अनुमान है।
जबलपुर में दो दिनों से हो रही बारिश ने शहर को भिगोने के साथ वातावरण में नमी घोल दी है। काले बादलों और उमस के बीच बढ़ी आर्द्रता अब सेहत के लिए भी चुनौती बन रही है। सर्दी, जुकाम और बुखार के मरीज बढ़ने लगे हैं। बदलता मौसम बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को खास तौर पर प्रभावित कर रहा है। डॉ. जीएस संधू, एमडी मेडिसिन का कहना है कि मौसम का आनंद लें, परंतु सेहत की कीमत पर नहीं। इस मौसम में बीमारियों का असर हर आयु वर्ग के लोगों पर देखा जा रहा है।
यह भी पढ़ें- MP Weather 17th August: इन 39 जिलों में होगी बारिश... 19-20 अगस्त के लिए पूरे प्रदेश में अलर्ट जारी
बच्चों की बात करें तो ठंडी-नम हवा और तापमान में उतार-चढ़ाव से सर्दी-जुकाम, गले में खराश, खांसी और वायरल बुखार का खतरा बढ़ रहा है। युवा व वयस्कों को भी सावधानी रखने की आवश्यकता है। बारिश में भीगने, गीले कपड़ों में रहने और अचानक ठंड लगने से श्वसन संक्रमण, बुखार और एलर्जी परेशान कर सकती है। वहीं बुजुर्गों को अस्थमा, सांस की तकलीफ और जोड़ों के दर्द जैसी पुरानी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बुजुर्गों को न सिर्फ घर के बाहर बल्कि घर के भीतर भी अपनी हड्डियों की सुरक्षा पर भी जोर देना चाहिए। कीचड़ में फिसलते, सुविधा घर में गिरने से अस्थि भंग के मामले भी देखे जा रहे हैं।