
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। रीठी क्षेत्र के पारधियों के बीच पुराने विवाद में एक युवक को सरेराह उठाकर पारधी समुदाय के लोग ही ले गए। जब तक पुलिस उसतक पहुंच पाती उन्होंने युवक की धारदार हथियारों से हत्या कर दी और शव को पहाड़ी के किनारे एक खेत में फेंककर भाग गए। पुलिस को युवक को अगवा करने की सूचना रात को मिली आैर उसके बाद दो थानों की पुलिस युवक को रातभर जंगलों में खोजती रही।
गुरूवार की सुबह टीम को पहाड़ी के पास खेत में उसका रक्तरंजित शव मिला। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए हत्यारों की तलाश शुरू की है। जानकारी के अनुसार वर्ष आठ फरवरी 2022 में कुठला थाना क्षेत्र के पटेहरा गांव में पारधियों के बीच विवाद में बूढ़ा, ललितपुर के एक पारधी युवक की हत्या हुई थी।
हत्या करने वालों में पटेहरा डेरे में रहने वाले पारधी परिवार के चार लोग शामिल थे। जिसको लेकर दोनों गांव के पारधियों के बीच उसी समय से रंजिश चली आ रही थी और मृतक की पत्नी ने उसी दौरान हत्या का बदला लेने की भी बात कही थी। पटेहरा डेरे में रहने वाले उन्हत्तर पारधी 30 साल हत्या करने वाले परिवार का हिस्सा था और वर्तमान में अपनी पत्नी डिजायन पारधी के साथ बिरूहली गांव के डेरे में रह रहा था।
बताया जाता है कि बुधवार की शाम को उन्हत्तर पारधी पत्नी के साथ पटेहरा आया था और शाम को आटो से दोनों घर लौट रहे थे। उनका आटो जैसे ही इमलिया मोड़ के पास पहुंचा। अचानक से चार पारधी युवक आए और उन्हत्तर पारधी को आटो से उतार लिया और मारपीट करते हुए उसे मोटर साइकिल में बैठाकर अपने साथ ले गए।
उसकी पत्नी किसी तरह से पैदल रात को अपने डेरे बिरूहली पहुंची और समुदाय के लोगों से पूरी घटना बताई। जिसके बाद सभी ने युवक को तलाश करने की कोशिश की और जब जानकारी नहीं लगी तो रात को डायल-112 को पूरी घटना की सूचना दी गई।
देर रात डायल-112 को पारधी युवक को अगवा कर ले जाने की सूचना मिली थी। जिसमें तत्काल कुठला पुलिस के सहयोग से संभावित क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान चलाया गया। सुबह युवक का रक्तरंजित शव बूढ़ा, ललितपुर के पास रक्तरंजित मिला है। युवक की पुरानी रंजिश पर हत्या की गई है। आरोपितों को चिन्हित किया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
मो. शाहिद, थाना प्रभारी, रीठी