
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। कटनी जिला अस्पताल परिसर में मंगलवार की रात उस समय हड़कंप मच गया, जब शराब के नशे में धुत्त एक युवक ने हंगामा शुरू कर दिया। युवक की इस हरकत से अस्पताल में मौजूद मरीजों, उनके स्वजनों और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ में दहशत फैल गई।
हंगामे के दौरान युवक ने नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई के दरवाजे का कांच तोड़ दिया। आरोपित युवक विजयराघवगढ़ क्षेत्र निवासी बताया जा रहा है। वह अत्यधिक शराब के नशे में था और अस्पताल परिसर में घुसकर अचानक तोड़फोड़ करने लगा।
उसने जैसे ही एसएनसीयू वार्ड के दरवाजे पर हाथ मारा, कांच टूट कर बिखर गया। इस दौरान कांच लगने से युवक खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक अस्पताल आने से पहले रास्ते में भी उत्पात मचा रहा था।
उसने मार्ग पर वाहन रोकने को लेकर कुछ राहगीरों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की थी। इसके बाद वह भागते हुए जिला अस्पताल पहुंचा और वहां भी हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी लगते ही अस्पताल प्रबंधन ने कोतवाली पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लहूलुहान हालत में हंगामा कर रहे युवक को काबू में कर हिरासत में लिया। पुलिस पहले उसका उपचार करवा रही है, जिसके बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।