
नईदुनिया प्रतिनिधि कटनी। नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारियों ने गुरुवार को अतिक्रमण दल के कर्मचारी के साथ हुई मारपीट की घटना के विरोध में दो घंटे तक काम बंद रखकर सड़क पर प्रदर्शन किया।
इस दौरान मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई, जिससे आम नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रशासन को शुक्रवार सुबह 10 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो नगर निगम कार्यालय का मुख्य गेट नहीं खोला जाएगा और आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
शनिवार को नगर निगम के अतिक्रमण दल की कार्रवाई के दौरान कुछ लोग कार्यालय में पहुंचे थे और विवाद करते हुए एक कर्मचारी के साथ मारपीट की थी। इस घटना से निगम कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। नगर निगम कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में नौकरी और मकान दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला मास्टरमाइंड सहित तीन गिरफ्तार