
नईदुनिया प्रतिनिधि, कटनी। एनकेजे थाना क्षेत्र की एक किशोरी के पेट में दर्द होने पर स्वजन सोमवार की रात को उसे लेकर निजी अस्पताल पहुंचे थे। जहां पर उसके गर्भवती होने की जानकारी स्वजनों को लगी। उसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराते हुए पुलिस को सूचना दी गई थी।
पुलिस के सामने किशोरी ने रात को पूछताछ में स्कूल के ही तीन छात्रों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म करने की बात कही थी। जिसके बाद पुलिस ने उसका सुरक्षित प्रसव कराते हुए मामला जांच में लिया था।
प्रसव बाद पुलिस ने महिला थाना व बाल कल्याण समिति के माध्यम से जब किशोरी की संयुक्त काउंसिलिंग कराई तो मामला स्पष्ट हुआ कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म नहीं हुआ था। किशोरी के ही एक मित्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया है और पूछताछ करते हुए मामले की जांच कर रही है।
रंगनाथ नगर थाना क्षेत्र के अमकुही की पहाड़ी में सामूहिक दुष्कर्म का मामला ठंडा हुआ नहीं था और सोमवार की रात दूसरा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया था। दरअसल शहर के एनकेजे थाना क्षेत्र की एक 15 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी पुलिस को मिली, जिसे प्रसव पीड़ा के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मामला तब सामने आया जब सोमवार की रात को किशोरी ने पेट दर्द की शिकायत की और स्वजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सक ने बालिका के गर्भवती होने व लेबर पेन होने की जानकारी दी। जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। स्वजनों की सूचना पर सीएसपी नेहा पच्चीसिया अस्पताल पहुंची और किशोरी से पूछताछ की।
जिसमें उसने बताया कि जिस स्कूल में वह पहले पढ़ती थी, उसके साथ पूर्व के स्कूल में तीन छात्रों ने सामूहिक दुष्कर्म किया था। उस दौरान वे तीनों चेहरे पर मास्क लगाए हुए थे, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई और मामला स्वजनों से छिपाए रखा। रात को ही अस्पताल में किशोरी ने एक नवजात को जन्म दिया। सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद एनकेजे पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी थी।
घटना में एनकेजे पुलिस ने जांच करते हुए किशोरी के प्रसव के बाद नार्मल होने पर उसकी महिला थाना प्रभारी व बाल कल्याण समिति के माध्यम से संयुक्त काउंसलिंग कराई। काउंसलिंग के दौरान किशोरी ने टीम को मामले की सच्चाई से अवगत कराया, जिसमें सामने आया कि किशोरी की उसके ही पड़ोस में रहने वाले एक युवक से दोस्ती थी और उसके साथ वह बातचीत करती रहती थी।
साथ ही कोचिंग भी साथ में आना जाना करती थी। उसी दौरान जून माह के आसपास युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। दुष्कर्म के बाद वह गर्भवती हो गई थी और इसकी जानकारी उसने युवक को दी थी।
इस बीच युवक ने गर्भपात कराने का भी प्रयास किया, लेकिन समय अधिक होने से गर्भपात नहीं हो पाया। इसके बाद किशोरी अपने स्वजन से किसी तरह से यह बात छिपाते रही, लेकिन सोमवार को अचानक से पेट दर्द होने के कारण उसने स्वजन को जानकारी दी और उसके अस्पताल ले जाने के बाद मामला सामने आ गया।
मामले में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि न होने व तकनीकी साक्ष्यों से किशोरी के मित्र द्वारा ही दुष्कर्म किए जाने के बाद पुलिस ने 21 वर्षीय आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है। दूसरी ओर पुलिस ने बताया कि प्रसव के बाद किशोरी व नवजात दोनों ही सुरक्षित हैं और उनकी हालत ठीक है। मामले में जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : कोरबा में युवक ने युवती का गला रेता फिर खुद कर ली आत्महत्या
जिला अस्पताल में नाबालिग की डिलीवरी के बाद महिला थाना व बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने संयुक्त काउंसलिंग की। पूछताछ में सामने आया कि पीड़िता के एक मित्र ने उसके साथ दुष्कर्म किया था। तकनीकी साक्ष्यों व जांच में गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। - अभिनय विश्वकर्मा पुलिस अधीक्षक।