इंदौर से बिना बताए चार बच्चों को लेकर ओंकारेश्वर घूमने आई महिला लापता, एक बच्चे का शव नर्मदा में मिला
बच्चों के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार है और वह बिना बताए बच्चों को लेकर घर से निकल गई थी। महिला के साथ एक बच्चा अब भी लाप ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 15 Dec 2025 06:42:02 PM (IST)Updated Date: Mon, 15 Dec 2025 06:44:10 PM (IST)
नर्मदा पुल पर चार बच्चों के साथ फटेज में दिखी महिला।HighLights
- ओंकारेश्वर घूमने आई महिला के चार बच्चों में से एक का शव नर्मदा में मिला
- मोरटक्का पुलिस ने गूगल मैप की मदद से दो बच्चों को सुरक्षित स्वजन से मिलाया
- 11 दिसबंर से लापता थी, पुलिस बोली-संभवत: बच्चों के साथ महिला नदी में कूदी
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। इंदौर से बिना बताए चार बच्चों को लेकर ओंकारेश्वर घूमने आई एक महिला मोरटक्का पुल पर चार बच्चों के साथ दिखाई देने के बाद अब लापता है। वहीं चार में से दो बच्चों को पुलिस ने ढूंढ लिया है। एक का शव नदी में मिला है। महिला और एक बच्चे की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस ने गूगल मैप की मदद से दो बच्चों को सुरक्षित उनके पिता तक पहुंचाया है।
पुलिस के अनुसार महिला 11 दिसंबर से इंदौर से लापता थी, जिसकी गुमशुदगी खजराना थाना क्षेत्र में दर्ज है। रविवार को महिला अपने चार बच्चों के साथ मोरटक्का स्थित एक होटल में भोजन करते हुए दिखाई दी थी। इसके बाद वह नर्मदा पुल के आसपास नजर आई। कुछ समय बाद दो छोटे बच्चे पुल के पास लावारिस हालत में मिले, जिनकी सूचना मिलने पर मोरटक्का पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें चौकी ले आई।
बच्चे ने फोटो पहचाना फिर शुरू हुई तलाश
- डेढ़ साल की बच्ची और छह वर्षीय बालक की उम्र कम होने के कारण स्वजन तक पहुंचना पुलिस के लिए चुनौती बन गया।
- इस दौरान कांस्टेबल चेतनसिंह चौहान ने बच्चे से बातचीत कर उसके पुराने स्कूल का नाम जाना।
- स्कूल को गूगल पर सर्च कर फोटो दिखाया गया, जिसे बच्चे ने पहचान लिया।
- इसके बाद गूगल मैप के जरिए आसपास की गलियों, दुकानों और दवाखानों की तस्वीरें दिखाकर बच्चे से पुष्टि कराई गई।
- एक दवाखाने के बोर्ड पर लिखे डाॅक्टर के मोबाइल नंबर से संपर्क किया गया, जिन्होंने बच्चों के पिता से पुलिस की बात करवाई।
- इसके बाद बच्चों के पिता मोरटक्का पहुंचे और दोनों बच्चों की सुपुर्दगी ली।
महिला मानसिक रूप से बीमार
- बच्चों के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार है।
- वह बिना बताए बच्चों को लेकर घर से निकल गई थी। महिला के साथ एक बच्चा अब भी लापता है।
- सोमवार को मोरटक्का क्षेत्र में नर्मदा से एक बच्चे का शव बरामद हुआ, जिसे पीएम के लिए भेजा गया है।
- प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला बच्चों के साथ नदी में कूद गई होगी। पुलिस महिला और लापता बच्चे की तलाश में सर्च अभियान चला रही है।
- मोरटक्का चौकी प्रभारी लखन डावर का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
- महिला की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है।