
नईदुनिया प्रतिनिधि, खंडवा। ओंकारेश्वर में एकात्म धाम पर प्रस्तावित पंचायतन मंदिर का भूमि पूजन गुरुवार प्रात: करीब आठ बजे शुभ मुहूर्त में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। इस मौके पर आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में सहपत्निक शामिल हुए। शिलान्यास कार्यक्रम में भारत की दिव्य संन्यास परंपरा के प्रतिनिधि, षड्दर्शन संत मंडल के संत, मंत्री डॉ. विजय शाह और विशिष्टजन भी मौजूद थे।
पंचायतन मंदिर को भारतीय सनातन परंपरा में विभिन्न उपासना पद्धतियों के समन्वय का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है। मंदिर के मुख्य गर्भगृह में भगवान शिव विराजित होंगे, जबकि उनके साथ गणेश, विष्णु, सूर्य और देवी की पंचायतन रूप में स्थापना होगी। आदि शंकराचार्य द्वारा विभिन्न उपासना परंपराओं के बीच समन्वय स्थापित करने के लिए पंचायतन पूजा के पुनरुद्धार की परंपरा को इस मंदिर के माध्यम से ओंकारेश्वर में साकार किया जा रहा है।

आचार्य शंकर नागर शैली में बनने वाला यह मंदिर राजस्थान के प्रसिद्ध बंशी पहाड़पुर के गुलाबी बलुआ पत्थर से निर्मित होगा। अनुपम शिल्पांकन और भारतीय स्थापत्य कला की परंपराओं से सुसज्जित यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ भारतीय कला और सांस्कृतिक वैभव का भी प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
एकात्म धाम को विविध आध्यात्मिक परंपराओं के समन्वय और एकात्मता के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। पंचायतन मंदिर के शिलान्यास के साथ एकात्म धाम के दूसरे चरण के निर्माण कार्यों को भी गति मिलने की उम्मीद है। इससे ओंकारेश्वर की धार्मिक पहचान के साथ उसकी आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
यह भी पढ़ें- महाकाल-ओंकारेश्वर दर्शन का सुनहरा मौका: IRCTC का 4 रात और 5 दिन का स्पेशल टूर पैकेज लॉन्च