
नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन। महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कोपरगांव से भ्रमण पर आए 51 विद्यार्थियों से भरी यात्री बस के शुक्रवार देर शाम जाम घाट में अचानक ब्रेक फेल हो गए। घाट के खतरनाक मोड़ पर गाड़ी अनियंत्रित होने के बाद खाई की ओर लटक गई।
खुशकिस्मती से वाहन घाट की ओर बनी पत्थरों की दीवार में अटक कर रुक गई। इससे बड़ी दुर्घटना होने से टल गई और सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार कोपरगांव की यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी ओंकारेश्वर और आईआईटी इंदौर का भ्रमण करने के बाद महेश्वर दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जाम घाट में वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए। कुछ देर के लिए वाहन में अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी, अगले 5 साल तक जारी रहेगी योजना, 2031 तक सरकार खर्च करेगी ₹1,14,365 करोड़
चालक ने तत्काल नियंत्रण संभालते हुए वाहन को मोड़ा और बस पत्थरों की सुरक्षा दीवार पर खाई की ओर अटक कर रुक गई। विद्यार्थियों व स्टाफ को मंडलेश्वर लाया गया। मंडलेश्वर थाना प्रभारी पंकज तिवारी ने बताया कि विद्यार्थियों की बस लटक गई थी, हालांकि बस में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।