
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडलेश्वर (खरगोन)। प्रयागराज महाकुंभ में माला बेचकर चर्चा में आई मोनालिसा की केरल में अरमान खान से शादी को लेकर सुनियोजित लव जिहाद की शिकायत पर मध्य प्रदेश पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। खरगोन जिले के मंडलेश्वर में पुलिस ने शुक्रवार को मोनालिसा के पिता जय सिंह भोसले के बयान दर्ज किए। अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) श्वेता शुक्ला के समक्ष अपने बयान में मोनालिसा के पिता ने कहा कि यह सोचा-समझा और सुनियोजित लव जिहाद का मामला है।
केरल जाने के बाद से उनका बेटी से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। उन्होंने बेटी को सुरक्षित वापस लाने की मांग भी की है। उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि मोनालिसा नाबालिग है, इसकी जांच की जाए तो यह साबित हो जाएगा। जय सिंह ने कहा कि फरमान खान मुझे और मेरी बेटी मोनालिसा को एक्टिंग के बहाने केरल ले गया और वहां धोखे से और जबरन शादी कर ली। मुझे वहां से भगा दिया।
उन्होंने कहा कि फरमान ने मोनालिसा और मुझसे बार-बार यह कहा था कि केरल में डांस और एक्टिंग की अच्छी व्यवस्था है और वहां की लोकेशन भी बहुत बढ़िया है। आप दोनों एक बार चलकर देख लो, यदि ठीक नहीं लगे तो वापस चले जाना। फरमान की इन बातों में हम बाप-बेटी फंस गए और केरल चले गए।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों जय सिंह ने मंडलेश्वर पुलिस से मामले में एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की थी। इस शिकायत का संज्ञान लेकर पुलिस ने मंडलेश्वर एसडीओपी कार्यालय में बयान देने के लिए जय सिंह को बुलाया था। उनके साथ स्वजन व अन्य लोग भी पहुंचे।
मंडलेश्वर की एसडीओपी श्वेता शुक्ला ने बताया कि मोनालिसा के स्वजन द्वारा शिकायती पत्र मिलने पर बयान दर्ज किए गए हैं। लड़की के नाबालिग होने के संबंध में उम्र से संबंधित दस्तावेज नगर परिषद महेश्वर और आंगनबाड़ी केंद्र से मांगें हैं। जांच के बाद ही आगे कि कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- MP में पंचायत सेवा नियम 2026 लागू, 23 हजार पंचायत सचिवों की होगी भर्ती, ग्राम रोजगार सहायकों को मिलेगा 50% कोटा
वहीं, महेश्वर के भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल ने भी पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कहा कि लव जिहाद के लिए सोची-समझी रणनीति के तहत मोनालिसा को फंसाया गया है। शादी में केरल के मंत्री और कांग्रेस के राज्य सभा सदस्य भी शामिल हो गए। इसका मतलब है केरल सरकार के संरक्षण मे जबर्दस्ती शादी कराई गई है। एक ही दिन में मैरिज सर्टिफिकेट भी जारी हो गया। मामले की गहराई से जांच हो तो बड़ा गिरोह शामिल निकलेगा।