
नईदुनिया न्यूज, महेश्वर (खरगोन)। महेश्वर में नाव संचालन को लेकर उठे गंभीर सवालों के बीच बरगी डैम क्रूज हादसे पर जबलपुर जिला अदालत की सख्त कार्रवाई ने पूरे प्रदेश के प्रशासनिक तंत्र को कटघरे में खड़ा कर दिया है। अदालत द्वारा स्वतः संज्ञान लेते हुए चालक और क्रू पर एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए हैं, जिसे कोर्ट ने “गंभीर आपराधिक लापरवाही” करार दिया।
अदालत ने अपनी टिप्पणी में साफ कहा कि चालक को खतरे की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद उसने पर्यटकों को डूबता छोड़कर खुद की जान बचाई। यह कृत्य न केवल अमानवीय है, बल्कि कानूनन दंडनीय भी है। कोर्ट ने थाना प्रभारी को दो दिन के भीतर एफआईआर दर्ज कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
इसी संदर्भ में महेश्वर के स्थानीय नाविक शेर केवट ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि नगर में सिर्फ 55 नावों को ही वैध लाइसेंस दिए गए हैं, जबकि हकीकत में 130 से 140 नावें घाटों पर संचालित हो रही हैं। यह स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसी है। शेर केवट ने शासन और नव चालक संघ के साथ समन्वय की बात रखते हुए कहा कि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अवैध नाव संचालन पर सख्ती से रोक लगाई जाए और सभी नावों का पंजीयन व सुरक्षा जांच अनिवार्य की जाए। शासन की ओर से तहसीलदार कैलाश सस्तिया का कहना है कि प्रशासन ने भी पर्यटकों से आग्रह किया है कि सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।
प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा में सहयोग ही दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।वहीं प्रशासन और नाव संचालक समिति की ओर से यह भी संकेत दिए गए हैं कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जल्द ही संयुक्त कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि लाइसेंसिंग प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।बरगी हादसे के बाद उठे इन सवालों ने साफ कर दिया है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो महेश्वर जैसे पर्यटन स्थल पर भी किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
उल्लेखनीय है कि महेश्वर में हर साल हजारों देशी विदेशी पर्यटक आते हैं। इन पर्यटकों की जान की सुरक्षा जरूरी है। क्योंकि नाव संचालन में नियमों का पालन नहीं हुआ तो हादसा हो सकता है।
जबलपुर के बरगी हादसे में लापरवाही ने ली जान, क्रूज के दोनों इंजन थे खराब; मार्च में दी थी जानकारी