मंडला में नर्मदा में डूब रही बेटियों को बचाने कूदे आरक्षक की मौत, बचाते हुए गई जान
जिले के मोहगांव थाना में पदस्थ एक आरक्षक की नर्मदा बुढ़नेर देवगांव संगम में डूबने से मौत हो गई। ...और पढ़ें
Publish Date: Mon, 04 May 2026 08:19:29 PM (IST)Updated Date: Mon, 04 May 2026 08:19:29 PM (IST)
बेटियों को बचाने के दौरान आरक्षक की डूबने से मौतHighLights
- बेटियों को बचाने के दौरान आरक्षक की डूबने से मौत
- स्थानीय लोगों ने दोनों बच्चियों को सुरक्षित बचाया
- पुलिस ने शव बरामद कर परिजनों को सौंपा, राहत राशि दी
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंडला। जिले के मोहगांव थाना में पदस्थ एक आरक्षक की नर्मदा बुढ़नेर देवगांव संगम में डूबने से मौत हो गई। मृतक आरक्षक का नाम शिव कुमार परस्ते (47) निवासी ग्राम पखवार, मवई विकासखंड, जिला मंडला था।
पुलिस का क्या कहना
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरक्षक शिवकुमार अपने परिवार के साथ मोहगांव थाना क्षेत्र के देवगांव संगम में सुबह नर्मदा स्नान के लिए गया था। वह अपनी पत्नी और चार बच्चों (तीन बेटियां और एक बेटा) के साथ संगम पर पहुंचा था। छह वर्षीय बेटा और 9 से 13 वर्ष की तीन बेटियां उसके साथ थीं।
बच्चे स्नान कर रहे थे
बताया गया कि हादसा उस समय हुआ, जब बच्चे स्नान कर रहे थे और वह तट पर मंजन कर रहा था। उसी दौरान उसकी दो बेटियां गहरे पानी में जाकर डूबने लगीं। उन्हें बचाने के लिए वह तुरंत नर्मदा में कूद गया, लेकिन खुद गहरे पानी में चला गया और डूब गया।
दोनों बच्चियों को बचा लिया
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत नर्मदा में छलांग लगाकर दोनों बच्चियों को बचा लिया, लेकिन आरक्षक को नहीं बचाया जा सका। सूचना मिलने पर मोहगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद आरक्षक का शव बरामद किया गया।
पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से पीएम उपरांत शव को उसके गृहग्राम पखवार मवई ले जाया गया। घटना से पुलिस महकमे में शोक व्याप्त है।
शव लेकर गांव के लिए रवाना हुए अधिकारी
मिली जानकारी के अनुसार पोस्टमार्टम के बाद मृत आरक्षक का शव लेकर पुलिस बल उसके गांव के लिए रवाना हुआ। डीएसपी सतीश चतुर्वेदी और मोहगांव थाना प्रभारी वेदराम हनौते सहित पुलिस स्टाफ गांव पहुंचा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा ने बताया कि स्वजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की राहत राशि दी गई है और अन्य सहायता भी प्रदान की जाएगी।