
नईदुनिया न्यूज, मंडला। नगर परिषद बम्हनी में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला वार्ड नंबर 4 का है, जहां राजेश हरदहा वार्ड 4 के निवासी को स्ट्रीट डॉग्स ने अपना शिकार बना लिया। जब वह अपने खेत जा रहा था उसी दौरान स्ट्रीट डॉग्स ने हमला कर दिया जिससे उनका पैर जख्मी हो गया। इससे पहले भी नगर में स्ट्रीट डॉग्स के हमले की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।
वार्ड पार्षद और स्थानीय लोगों के अनुसार वार्ड नंबर 4 में नगर परिषद द्वारा कचरा डंप किया जाता है। इसी कचरे के साथ मुर्गा मार्केट का अपशिष्ट भी यहीं फेंका जाता है। सड़ी-गली चीजों की गंध से यहां आवारा कुत्तों का बड़ा जमावड़ा लग गया है। दिनभर 20-25 कुत्ते इसी इलाके में मंडराते रहते हैं।
पीड़ित किसान के परिजनों और वार्डवासियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि नगर की सबसे बड़ी समस्या अब स्ट्रीट डॉग्स बन गए हैं। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़कर नगर से बाहर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए।
सभी कुत्तों का अनिवार्य टीकाकरण और नसबंदी अभियान चलाया जाए। मुर्गा मार्केट के अपशिष्ट और कचरे के निपटान के लिए अलग व्यवस्था की जाए।वार्ड 6 के निवासी सतीष हरदहा ने बताया, "हर दिन डर के साए में जीना पड़ रहा है। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है।