
नईदुनिया न्यूज, मंडला। बम्हनीबंजर नगर और आसपास के क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। झुंड में घूम रहे खूंखार कुत्ते सबसे ज्यादा बच्चे और अब कॉलेज के छात्र-छात्राएं को काट रहे हैं।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 13 टिकरी में बीते कुछ दिनों में 5 लोगों को कुत्तों ने काटा है। इनमें एक युवती का कान घर के अंदर घुसकर कुत्ते ने नोच लिया, वहीं एक बच्ची के पैर में गंभीर घाव आए हैं।
एक कॉलेज के छात्र को भी आवारा कुत्ते ने काट लिया, जिससे छात्राओं में भी दहशत है।वहीं वार्ड नंबर 2 में भी हालात खराब हैं। यहां अब तक 7-8 लोग कुत्तों का शिकार बन चुके हैं।
कुत्ते के काटने के बाद इलाज के लिए रोजाना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हनीबंजर में आधा दर्जन से ज्यादा लोग पहुंच रहे हैं। कई लोग ग्रामीण स्तर पर और निजी अस्पतालों में भी उपचार करा रहे हैं।
डाक्टरों का कहना है कि एंटी रेबीज इंजेक्शन की मांग अचानक बढ़ गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि स्कूल-कॉलेज जाते समय बच्चे और छात्र सबसे ज्यादा डरे हुए हैं, क्योंकि कुत्ते सुबह-शाम झुंड में हमला कर देते हैं।
इस समस्या से परेशान नागरिकों ने शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पहले भी नगर परिषद के आला अधिकारियों को इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
पीड़ितों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपने के लिए बाध्य होंगे। लोगों ने मांग की है कि नगर में आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
नसबंदी और टीकाकरण कराया जाए, ताकि आगे कोई और इनका शिकार न बने। फिलहाल नगर में दहशत का माहौल है और लोग शाम होते ही घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर में मेड़ के विवाद में हत्या, मौसेरे भाइयों ने मिलकर रची खूनी साजिश