'मुख्यमंत्री की गालियां हम पर फूल बनकर बरसेगी...', पेपर लीक और शिक्षा माफिया को लेकर जीतू पटवारी ने CM यादव पर कसा तंज
मंदसौर में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ हुआ। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंचे। पत्रकारों से चर्चा में पटवारी ने कह ...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 02 Jun 2026 09:26:15 PM (IST)Updated Date: Tue, 02 Jun 2026 09:26:15 PM (IST)

नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मंदसौर में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्रारंभ हुआ। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी पहुंचे। पत्रकारों से चर्चा में पटवारी ने कहा कि जिस तरह के हालात बन रहे हैं, कहीं ऐसा न हो कि आगे जाकर मीडिया को ही बैन कर दें।
मीडिया भी अगर ज्यादा सवाल करेगी तो वह भी काकरोच जनता पार्टी जैसे प्रतिबंधित हो जाएगी। मैं तो यही कामना करता हूं कि मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव मुझे मुंह भर-भर के गालियां देते रहें। उनकी हर गाली हम पर फूल बनकर बरसेगी, पर हम किसी भी कीमत पर विपक्ष की भूमिका नहीं छोड़ेंगे।
उप मुख्यमंत्री और तस्करों के संबंधों पर सवाल
पटवारी ने कहा कि यह सरकार माफियाओं से घिरी हुई है। आखिर तस्करों के फोटो उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा के साथ ही क्यों आते हैं? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ऐसी क्रांति लेकर आए हैं कि आज हमारी अर्थव्यवस्था समाप्त हो रही है। गरीब का जीना दूभर होता जा रहा है। काकरोच जनता पार्टी के इंस्टाग्राम अकाउंट से पेपर लीक होने से प्रभावित परिवार जुड़ रहे थे तो उसे बैन करने की कोशिशें शुरू कर दीं।
पेपर लीक को लेकर PM और धर्मेंद्र प्रधान पर निशाना
प्रधानमंत्री मोदी जब से काबिज हुए तब से अब तक 90 बार पेपर लीक हुए हैं। चार बार नीट के पेपर लीक हुए हैं। शिक्षा माफिया को सरकार ने समर्थन दे रखा है। किसी पर कार्रवाई नहीं हो रही है। बच्चों का भविष्य खराब करने वालों को फांसी क्यों नहीं दी जाती है। इसके जिम्मेदार मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तो पद पर रहना ही नहीं चाहिए।
CM की नाराजगी की वजह और शराब ठेकों पर गंभीर आरोप
मुख्यमंत्री को मैंने कोई नाम नहीं दिया था। मैंने तो कहा था- मोहनलाल अरे मोहनलाल यादव जो अभिनंदन कराते हैं। घर-घर बिक रही शराब के सवाल की वजह से ही मुख्यमंत्री नाराज हैं मुझसे, क्योंकि शराब के ठेके भाजपा के लोगों के ही हैं।
गौ रक्षा के मुद्दे पर भाजपा और केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार
उन्होंने कहा कि भाजपा गाय की रक्षा की बात करती है। वहीं बंगाल के मुख्यमंत्री वहां 14 साल से ऊपर की गाय का वध करने की परमिशन देते हैं। असम के सीएम गाय का मांस खाते हैं। किरण रिजिजू कहते हैं कि मांस निर्यात सबसे ज्यादा मोदी कार्यकाल में हुआ है। अभी ईद पर कई मुस्लिमों ने सार्वजनिक रूप से मांग कर कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दो तो सरकार पलट गई।