
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। शहर में रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित एक होटल में बुधवार रात में जमकर हंगामा हुआ। यहां खुद को डॉक्टर कहने वाला शामगढ़ निवासी एक व्यक्ति अपनी प्रेमिका के साथ रुका हुआ था। बताया जा रहा है कि डॉक्टर अपनी प्रेमिका का जन्मदिन मनाने यहां आया था। तभी उसकी पत्नी भी भाई को लेकर होटल में आ गई। दरवाजा खुलते ही पत्नी ने प्रेमिका की जमकर कुटाई कर दी। इसके बाद भी काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और डॉक्टर व प्रेमिका को जिला अस्पताल लेकर आ गई। उसकी पत्नी व अन्य लोग वहां से ही चले गए। गुरुवार को इस पूरे घटनाक्रम के वीडियो को लेकर इंटरनेट मीडिया पर लोग चटखारे लेकर देखते रहे। डॉक्टर पति ने अपनी पत्नी व साले के खिलाफ मारपीट की शिकायत शहर कोतवाली में की है।
मंदसौर में हाईवोल्टेज ड्रामा pic.twitter.com/0EKRBP4pRF
— NaiDunia (@Nai_Dunia) May 7, 2026
मिली जानकारी के अनुसार 56 वर्षीय डॉ. जुल्फिकार अली निवासी शामगढ़ बुधवार शाम को मंदसौर आकर समता होटल में रुका हुआ था। यहां मुल्तानपुरा निवासी उसकी प्रेमिका भी उसके साथ थी। तभी आधी रात को होटल के कमरे के दरवाजे पर दस्तक हुई। जुल्फिकार ने जैसे ही दरवाजा खोला उसके सामने पत्नी नईम बी, साला जमील खान व अन्य स्वजन दिखे। दरवाजा खुलते ही पत्नी जुल्फिकार को धक्का देकर कमरे में पहुंची और बिस्तर पर बैठी महिला के साथ मारपीट शुरू कर दी। महिलाओं ने प्रेमिका को पकड़कर होटल के बाहर ले गई। साले ने जुल्फिकार को पकड़ लिया।
होटल में शोरगुल व हंगामा देखकर स्टाफ और बाहर भी लोग जमा हो गए। चीख-पुकार सुन होटल के अन्य कमरों से भी लोग बाहर आकर देखने लगे। डॉक्टर की पत्नी ने बताया कि वह जन्मदिन के नाम पर घर से बाहर निकला था, पर हमें पहले ही भनक लग गई थी कि वह अपनी प्रेमिका से मिलने मंदसौर के होटल में जा रहा है। डॉक्टर हमें धोखे में रखकर लंबे समय से इस महिला से मिल रहा है। हंगामे के बाद डॉक्टर और उसकी प्रेमिका सीधे शहर कोतवाली पहुंचे। वहीं पत्नी और साले वहां से चले गए।
कोतवाली टीआई पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि इस मामले में जुल्फिकार ने अपनी प्रेमिका के साथ कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है कि "मैं अपनी महिला मित्र के साथ राधाकृष्ण होटल पर खाना खा रहा था तभी पत्नी नईमा बी व साले जमील खान ने आकर मारपीट शुरू कर दी।" पुलिस ने इस मामले में अदम चेक काटा है।
यह भी पढ़ें- मरीज को पैथोलाजी लैब भेजने के बदले 50 प्रतिशत कमीशन मांगने वाले तीन सरकारी डाॅक्टरों को लोकायुक्त ने पकड़ा