
नईदुनिया प्रतिनिधि, मंदसौर। मंदसौर जिले में सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच मंगलवार को पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की। जिला मुख्यालय से महज पांच किलोमीटर दूर ग्राम बाजखेड़ी में खेत के बीच संचालित एमडी ड्रग्स निर्माण इकाई पर छापा मारकर करीब 14 किलोग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। देर रात तक मौके पर कार्रवाई जारी रहने के कारण पुलिस ने आरोपितों की पहचान सार्वजनिक नहीं की।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना ने बताया कि सिंथेटिक ड्रग्स निर्माण की गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद नई आबादी थाना पुलिस, शामगढ़ थाना पुलिस और वायडी नगर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर ग्राम बाजखेड़ी स्थित खेत पर दबिश दी गई। मौके पर एमडी ड्रग्स तैयार करने की पूरी व्यवस्था मिली। पुलिस ने वहां से तैयार ड्रग्स के साथ कुछ रासायनिक पदार्थ और अन्य सामग्री भी जब्त की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपितों ने ड्रग्स की एक बड़ी खेप का ऑर्डर लिया था और तैयार माल की सप्लाई की तैयारी चल रही थी। मौके से एमडी ड्रग्स का क्रूड मटेरियल भी मिला है, जिससे अगले एक-दो दिनों में और ड्रग्स तैयार की जा सकती थी। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ की सप्लाई रोकी जा सकी।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित बाहर से केमिकल और अन्य सामग्री लाकर खेत पर ही ड्रग्स तैयार करते थे। इसके बाद तैयार माल को जिले सहित अन्य क्षेत्रों में खपाया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क की सप्लाई चेन, वित्तीय लेन-देन और अन्य संभावित आरोपितों के संबंध में पूछताछ कर रही है। एसपी मीना ने बताया कि मौके पर जब्ती और पंचनामा कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद पूरे नेटवर्क और गिरफ्तार आरोपितों की भूमिका का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अब दिल्ली-मुंबई में भी मान्य होगी ग्वालियर के जया आरोग्य अस्पताल की जांच रिपोर्ट, मिली एनएबीएल मान्यता
मंदसौर-नीमच क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में एमडी ड्रग्स के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस और केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके बावजूद तस्कर नए ठिकाने बनाकर सिंथेटिक ड्रग्स के निर्माण और तस्करी में जुटे हुए हैं। बाजखेड़ी की कार्रवाई इसी कड़ी की एक बड़ी सफलता मानी जा रही है।