
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। महू तहसील के बड़गोंदा थाना क्षेत्र में लव जिहाद का मामला सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने रिसोर्ट को सील करने की कार्रवाई की है। साथ ही रिसोर्ट संचालक पर भी प्रकरण दर्ज कराया गया है। वहीं आरोपित सइद सिद्दीकी खुद को डॉक्टर बुलाता था और क्लिनिक चलाता था। परंतु प्रशासन की जांच में आरोपित के पास ना तो कोई अधिकृत डिग्री मिली ना ही क्लिनिक चलाने का लाइसेंस मिला है। जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने आरोपित के खिलाफ प्रकरण दर्ज कराया है।
बड़गोंदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बेलामोर रिसोर्ट में आरोपित डॉ. सइद पुत्र गुलजार खान निवासी आंबाचंदन द्वारा हिंदू युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया था। रविवार को बड़गोंदा थाने में पीड़िता ने शिकायत की थी कि वह चार माह पहले आरोपित डॉ. सईद पुत्र गुलजार खान के गुर्जरखेड़ा होली चौक स्थित क्लिनिक पर इलाज कराने गई थी।
इलाज के दौरान आरोपित ने पीड़िता को नशे का इंजेक्शन देकर अश्लील फोटो-वीडियो बनाए और बाद में ब्लैकमेल करते हुए फार्म हाउस बुलाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने आरोपित पर धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया।
इसके बाद एसडीएम राकेश परमार और बीएमओ डॉ. योगेश सिंगारे द्वारा आरोपित के क्लिनिक का औचक निरीक्षण भी किया गया। जहां मरीजों को भर्ती करने के लिए 6 बेड भी लगे मिले। साथ ही अनधिकृत डिग्री से मरीजों का इलाज करने का भी खुलासा हुआ। इसके साथ ही क्लिनिक संचालन के संबंध में भी कोई लाइसेंस नहीं पाया गया।
इस पर प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए क्लिनिक सील किया। साथ ही बीएमओ डॉ. योगेश सिंगारे की शिकायत पर आरोपित पर बिना लाइसेंस व अधिकृत डिग्री के मरीजों का उपचार करने के मामले में प्रकरण दर्ज कराया है।
यह भी पढ़ें- मां शारदा मंदिर में VIP दर्शन बैन, फिर भी प्रभारी मंत्री ने गर्भगृह में की विशेष पूजा, खुलेआम उड़ी नियमों की धज्जियां
वहीं रविवार को आरोपित ने पीड़िता को बेलामोर फार्महाउस पर बुलाया था और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया था। प्रशासन ने बेलामोर फार्म हाउस को भी सील करने की कार्रवाई की है। प्रशासन ने वहां पर कमरा लेने वालों की जानकारी रजिस्टर में दर्ज नहीं करने व आईडी नहीं लेने के मामले में कार्रवाई करते हुए बड़गोंदा थाने में संचालक आयुष वर्मा के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कराया है। साथ ही रिसोर्ट की अनुमति निरस्त करने को लेकर भी पत्राचार किया जा रहा है।