महू रंगदारी मामला: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने की जांच के लिए अशोकनगर पहुंची पुलिस, मिले अहम सुराग
महू में निजी अस्पताल संचालक के बेटे को लारेंस बिश्नोई गैंग का हैरी बॉक्सर बताकर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Mar 2026 10:02:28 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Mar 2026 10:02:28 PM (IST)
महू से अशोकनगर तक फैला रंगदारी का जाल। (फाइल फोटो)HighLights
- महू से अशोकनगर तक फैला रंगदारी का जाल
- राजस्थान का संदिग्ध मनीष जांगिड़ गिरफ्तार
- पूछताछ के लिए अशोकनगर रवाना हुई टीम
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू (इंदौर)। महू में निजी अस्पताल संचालक के बेटे को लारेंस बिश्नोई गैंग का हैरी बॉक्सर बताकर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए पुलिस को कड़ी मिल गई है। पुलिस को संदेह है कि इस मामले के तार अशोकनगर में पकड़े गए संदिग्ध से जुड़े हो सकते हैं। इसने अशोकनगर में व्यापारी के घर पर वारदात करने के बाद इंदौर आने की बात कही। इसी अधार पर इंदौर ग्रामीण पुलिस ने जांच तेज करते हुए पूछताछ के लिए एक टीम अशोकनगर भेजी है।
वाट्सएप कॉल कर दी थी धमकी
12 फरवरी को किशनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत निजी अस्पताल संचालक के बेटे को वाट्सएप पर काल आया था। काल करने वाले ने खुद को गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। रुपये नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी। घटना के बाद पुलिस में शिकायत की गई और जांच शुरू की गई थी। इसी दिन अशोकनगर में भी एक व्यापारी को इसी तरह का धमकी भरा काल कर कालर ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था और 10 लाख रुपये की मांग की गई थी। इसके बाद पुलिस ने व्यापारी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी थी।
यह भी पढ़ें- इंदौर की ऐतिहासिक रंगपंचमी, हेलीकॉप्टर से होगी फूलों की वर्षा, दिखेगी बरसाना की लट्ठमार होली और महारास
दोनों घटनाओं का एक जैसा तरीका
दो दिन पूर्व अशोकनगर पुलिस ने व्यापारी के घर पास राजस्थान निवासी मनीष जांगिड़ को संदिग्ध स्थिति में घूमते हुए पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से पेट्रोल बम, फर्जी आधार कार्ड और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद हुई। आरोपित व्यापारी को डराने या किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था। प्रारंभिक पूछताछ में यह भी पता चला कि उसका संपर्क लारेंस गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैरी बॉक्सर से था। साथ ही अशोकनगर में वारदात करने के बाद वह इंदौर आने वाला था। जहां उसे आगे के टारगेट के बारे में जानकारी दी जाने वाली थी।
हालांकि इंदौर में उसका टारगेट कौन था यह अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है। धमकी देने के दोनों मामलों के तरीकों और अशोकनगर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में सामने आए तथ्यों के बाद इंदौर ग्रामीण पुलिस की एक टीम अशोकनगर भेजी गई है। एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि पूछताछ के बाद रंगदारी नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।