
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। सिमरोल थाना क्षेत्र स्थित तिंछा फाल में एक दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। किशोर अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची, पर तब तक किशोर की जान जा चुकी थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभिराज राठौर (16) पुत्र महेंद्र सिंह राठौर निवासी पुलिस लाइन मोतीतबेला, इंदौर के रूप में हुई है। महेंद्र सिंह राठौर फायर विभाग में पदस्थ हैं।
बचाने के लिए दोस्तों ने तत्काल प्रयास किए
बताया जा रहा है कि अभिराज घर से दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलने जाने की बात कहकर निकला था। उसके साथ वेदांत राघव, नवनीत और अन्य मित्र भी थे। बाद में सभी युवक पिकनिक मनाने के लिए तिंछा फाल पहुंच गए। दोपहर के समय सभी दोस्त फाल के पास पानी में नहा रहे थे। इसी दौरान अभिराज गहरे हिस्से में चला गया और पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दोस्तों ने तत्काल प्रयास किए।
पानी में उतरने की कोशिश की
साथियों ने अपने कपड़ों को जोड़कर अस्थायी रस्सी बनाई और पानी में उतरने की कोशिश की, लेकिन पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वे उसे बाहर नहीं निकाल सके।
दोस्तों ने डायल-112 पर सूचना दी
स्थिति गंभीर होने पर दोस्तों ने डायल-112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही सिमरोल थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयासों के बाद अभिराज को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है।
यह भी पढ़ें- एमपी में UCC का ड्राफ्ट 30 जून तक होगा तैयार, आदिवासियों को बाहर रखने और 'लिव-इन रिलेशनशिप' पर रोक की पुरजोर मांग