मुरैना में दूसरे दिन भी चला प्रशासन का बुलडोजर, तीन करोड़ की रेत मिट्टी में मिलाई
मुरैना में चंबल नदी किनारे अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन की कार्रवाई जारी है। बुधवार को 1500 ट्रॉली रेत नष्ट की गई, जिसकी कीमत करीब तीन करोड़ रुपये आंकी ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 05 Feb 2026 03:15:00 AM (IST)Updated Date: Thu, 05 Feb 2026 03:15:12 AM (IST)
चंबल बीहड़ में अवैध रेत के पहाड़ ध्वस्त, दो दिन और चलेगी कार्रवाईHighLights
- तीन करोड़ रुपये की रेत मिट्टी में मिलाई
- 200 जवान और भारी मशीनें तैनात
- रेत माफिया में हड़कंप, घाट खाली
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना: मुरैना जिले के चंबल नदी किनारे और आसपास के बीहड़ क्षेत्रों में अवैध रूप से जमा रेत के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार दूसरे दिन बुधवार को भी जारी रही। यह कार्रवाई जिला कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर गठित जिला टास्क फोर्स समिति द्वारा की जा रही है।
छह घंटे की कार्रवाई में 1500 ट्रॉली रेत नष्ट
बुधवार को करीब छह घंटे से अधिक चली कार्रवाई में लगभग 1500 ट्रॉली अवैध रेत को नष्ट कराया गया। प्रशासन के अनुसार, नष्ट की गई रेत की अनुमानित कीमत करीब तीन करोड़ रुपये है। पहले दिन सोमवार को 2000 ट्रॉली रेत नष्ट की गई थी।
भारी बल और मशीनों की तैनाती
अभियान की अगुआई डीएफओ एसएस बघेल और एएसपी सुरेंद्र पाल सिंह डाबर ने की। कार्रवाई के दौरान
- 16 बैकहो लोडर मशीन (जेसीबी)
- 5 लोडर मशीन का उपयोग किया गया।
- सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस और वन विभाग के करीब 200 जवान तैनात किए गए थे।
किन क्षेत्रों में हुई कार्रवाई
टीम ने चंबल राजघाट, पिपरई और भानपुर क्षेत्र में जगह-जगह जमा अवैध रेत के बड़े-बड़े स्टाक को मशीनों से मिट्टी में मिला दिया। कई स्थानों पर खेतों के पास सपाट मैदानों में रेत के छोटे-बड़े पहाड़ पाए गए।
जमीन मालिकों पर भी नजर
कार्रवाई के साथ यह भी जांच की जा रही है कि जिन जमीनों पर अवैध रेत का स्टाक मिला है, वह निजी है या नहीं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी निजी भूमि पर रेत का अवैध भंडारण पाया गया, तो संबंधित जमीन मालिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। हालांकि, दो दिन की कार्रवाई में अभी तक किसी निजी जमीन पर स्टाक नहीं मिला है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
DFO एसएस बघेल ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी अवैध रेत के कई स्टाक मौजूद हैं और उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। इस अभियान में एसडीएम भूपेंद्र सिंह, जिला खनिज अधिकारी एसके निर्मल सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। दो दिन की कार्रवाई से रेत माफिया में हड़कंप मचा हुआ है और चंबल के कई घाटों पर अवैध गतिविधियां फिलहाल ठप हैं।