मुरैना जिला अस्पताल के गेट पर ई-रिक्शा में हुआ प्रसव; परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप, प्रबंधन ने दावों को नकारा
प्रसव के बाद मेटरनिटी वार्ड में प्रसूता व नवजात बच्चे को भर्ती करवाया गया। दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।
Publish Date: Sun, 21 Jun 2026 01:25:04 PM (IST)Updated Date: Sun, 21 Jun 2026 01:25:30 PM (IST)
सोशल मीडियाHighLights
- समय पर नहीं मिली 108 एम्बुलेंस
- मजबूरी में ई-रिक्शा से अस्पताल लाया पति
- जच्चा-बच्चा सुरक्षित
नईदुनिया न्यूज, मुरैना। जिला अस्पताल के सामने ई रिक्शा में प्रसूता के प्रसव का मामला सामने आया है। प्रसूता के पति व अन्य स्वजन ने बताया कि अस्पताल के दरवाजे पर बच्चे का जन्म हुआ, बाद में जच्चा-बच्चा को अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं अस्पताल प्रबंधन इसे घर पर हुआ प्रसव बता रहा है।
मामला शनिवार की सुबह का बताया गया है। मुरैना के नयापुरा के रहने वाले अभिषेक ओझा की 20 वर्षीय पत्नी अंजलि का प्रसव पीड़ा उठने पर जिला अस्पताल में लाया गया है, लेकिन अस्पताल के गेट पर पहुंचने से पहले ही तेज प्रसव पीड़ा हुई और बच्चा बाहर निकल आया। इसके बाद प्रसूता के साथ आई उसकी सास व अन्य महिलाओं ने ई रिक्शा में ही प्रसव करवाया।
मदद के लिए जिला अस्पताल की दो नर्स भी आ गईं। प्रसव के बाद मेटरनिटी वार्ड में प्रसूता व नवजात बच्चे को भर्ती करवाया गया। दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। प्रसूता के पति ने बताया कि उन्होंने एंबुलेंस 108 को फोन किया, लेकिन वह समय पर नहीं पहुंची, इसलिए ई रिक्शा से पत्नी को अस्पताल लेकर आया। उधर जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डा. जीएस तोमर का कहना है, कि अंजलि ओझा का प्रसव घर पर ही हुआ है। प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को अस्पताल लाया गया है।