मुरैना में पत्नी ने भाइयों के साथ मिलकर की पति की पिटाई, फांसी पर झूला युवक; चरित्र संदेह बना विवाद की वजह
कैलारस में युवक ने पत्नी और ससुराल पक्ष की मारपीट से दुखी होकर आत्महत्या कर ली। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 21 Mar 2026 09:54:05 AM (IST)Updated Date: Sat, 21 Mar 2026 09:54:05 AM (IST)
पत्नी व सालों से पिटने के बाद युवक ने लगाई फांसी। (फाइल फोटो)HighLights
- युवक ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की घटना सामने।
- पत्नी और दो सालों पर मारपीट का आरोप लगाया।
- विवाद पत्नी के चरित्र पर शक को लेकर हुआ था।
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। कैलारस के खुमानीपुरा रोड क्षेत्र में एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पत्नी और उसके भाइयों द्वारा मारपीट व मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 27 वर्षीय विनोद जाटव जयपुर में मजदूरी करता था। बुधवार को घर लौटा था। गुरुवार को घर पर मौजूद उसकी पत्नी और दो साले रिंकू व उप्पे ने उससे विवाद किया। आरोप है कि इस दौरान तीनों ने मिलकर विनोद की मोगरी से पिटाई कर दी, जिससे वह आहत हो गया। इसी घटना से क्षुब्ध होकर उसने रात में घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
पत्नी पर चरित्र शंका को लेकर हुआ विवाद
बताया जा रहा है कि विवाद की वजह पत्नी के चरित्र को लेकर संदेह था। ससुराल पक्ष ने इस बात को लेकर युवक से सवाल-जवाब किए, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और मारपीट की नौबत आ गई।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने आरोप लगाया कि पत्नी व उसके भाइयों की प्रताड़ना के कारण विनोद ने आत्महत्या की। पुलिस के पहुंचने से पहले परिजनों ने शव को फंदे से नीचे उतार लिया था।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
टीआई सतेंद्र कुशवाह के अनुसार, मामले में पत्नी चमेली और उसके दोनों भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।