MP में बेखौफ रेत माफिया, मुरैना में पुलिस की गाड़ी को मारी ऐसी टक्कर कि उड़ गए उसके परखच्चे; सिपाही घायल
Morena Crime: दिमनी थाना क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन रोकने गई पुलिस टीम पर रेत माफिया ने हमला कर दिया। ...और पढ़ें
Publish Date: Sun, 22 Mar 2026 11:39:53 AM (IST)Updated Date: Sun, 22 Mar 2026 12:03:27 PM (IST)
दिमनी में रेत माफिया का हमला, टक्कर से क्षतिग्रस्त पुलिस वाहनHighLights
- आरक्षक सुदामा रजक हादसे में घायल हुए
- एक आरोपी सहित ट्रैक्टर-ट्राली पुलिस ने पकड़ी
- हत्या प्रयास सहित कई धाराओं में केस की तैयारी
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना: जिले में रेत माफिया का आतंक एक बार फिर सामने आया है। दिमनी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह अवैध रेत परिवहन रोकने गई पुलिस टीम पर माफिया ने हमला कर दिया। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्राली से पुलिस वाहन को टक्कर मार दी गई, जिससे एक आरक्षक घायल हो गया।
गश्त के दौरान सामने आए अवैध रेत से भरे वाहन
जानकारी के अनुसार, दिमनी पुलिस की टीम सुबह गश्त पर निकली थी। इसी दौरान बरेथा-चक्रपान का पुरा मार्ग से अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर-ट्राली आते दिखाई दिए। पुलिस ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन की गति कम नहीं की और भागने की कोशिश की।
पुलिस ने रास्ता रोका, फिर भी नहीं रुका ट्रैक्टर
ट्रैक्टर को रोकने के लिए पुलिस ने बोलेरो वाहन को सड़क के बीच खड़ा कर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका। पकड़े जाने के डर से उसने ट्रैक्टर की रफ्तार और बढ़ा दी और सीधे पुलिस वाहन को टक्कर मार दी।
आरक्षक घायल, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त
अचानक हुए इस हमले से मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। इस दौरान आरक्षक सुदामा रजक ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की बोलेरो गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई जारी
घटना के बाद पुलिस ने अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को जब्त कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी घटना
उल्लेखनीय है कि करीब 15 वर्ष पहले मुरैना में रेत माफिया ने आईपीएस नरेंद्र कुमार को ट्रैक्टर से कुचलकर मार दिया था। इसके बावजूद माफिया का दुस्साहस थमने का नाम नहीं ले रहा है।