
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेंदूखेड़ा में नवीन पार्श्वनाथ जैन मंदिर के पास सुबह लगभग साढ़े सात बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गाड़ी का अगला टायर अचानक फट गया।
ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे गाड़ी हवा में करीब 10 फीट ऊंची उछली और तीन बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में वाहन सवार एक ही परिवार के छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायल रीवा जिले के निवासी हैं। वे इंदौर से अपनी बहन का इलाज कराकर स्कॉर्पियो गाड़ी से वापस रीवा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी गाड़ी तेंदूखेड़ा के पास पहुंची, यह हादसा हो गया। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि अन्य यात्रियों को भी शरीर में कई जगह फ्रैक्चर और अंदरूनी चोटें आई हैं।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल तेंदूखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार के बाद चार मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल नरसिंहपुर के लिए रेफर कर दिया है।
राजेश पिता राम निहोर साकेत 50 वर्ष, भूरी बाई पति रामनाथ साकेत 70 वर्ष, सुषमा पति राजेश साकेत 45 वर्ष, विमल पति रामनिवास साकेत 40 वर्ष, रितिका पिता सालि गराम साकेत 7 वर्ष घायल हो गए।
यह भी पढ़ें- Jabalpur Cruise Accident : जहां रहती थी पर्यटकों से चहल-पहल, वहां अब सन्नाटा, बरगी हादसे का दर्द अब भी जिंदा