नरसिंहपुर में दो दिनों में 1013 बदमाशों की परेड, अपने हाथों से भरी जुर्म की कुंडली
इन फॉर्मों में अपराधियों की व्यक्तिगत जानकारी, उनके वर्तमान निवास, आपराधिक पृष्ठभूमि और सक्रिय संपर्क सूत्रों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया गया है। ...और पढ़ें
Publish Date: Thu, 07 May 2026 09:05:08 PM (IST)Updated Date: Thu, 07 May 2026 09:07:47 PM (IST)
नरसिंहपुर में बदमाशों की परेड।HighLights
- डोजियर में अपराधियों की व्यक्तिगत जानकारी, उनके वर्तमान निवास।
- आपराधिक पृष्ठभूमि और सक्रिय संपर्क सूत्रों का रिकार्ड किया तैयार।
- बदमाशों, संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों को कड़ी हिदायत दी गई।
नईदुनिया प्रतिनिधि, नरसिंहपुर। जिले में अपराधियों के भीतर कानून का खौफ पैदा करने और आम नागरिकों में सुरक्षा का अटूट विश्वास जगाने के उद्देश्य से नरसिंहपुर पुलिस द्वारा चलाया जा रहा विशेष अभियान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के सीधे निर्देशन में संचालित इस सघन अभियान के तहत पिछले दो दिनों के भीतर जिले भर के कुल 1013 आदतन अपराधियों, चोरों, नकबजनी के आरोपियों और निगरानी बदमाशों को थानों में तलब कर उनकी परेड कराई गई।
इस औचक कार्रवाई से पूरे जिले के आपराधिक तत्वों में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है।
अभियान के दूसरे दिन भी पुलिस की सक्रियता कम नहीं हुई और विभिन्न थाना क्षेत्रों में करीब 520 बदमाशों व संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों को थानों में बुलाकर कड़ी हिदायत दी गई।
इस दौरान पुलिस ने मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने के लिए एक विशेष रणनीति अपनाई, जिसके तहत बदमाशों से स्वयं उनके हाथों से ही डोजियर फॉर्म भरवाए गए।
इन फॉर्मों में अपराधियों की व्यक्तिगत जानकारी, उनके वर्तमान निवास, आपराधिक पृष्ठभूमि और सक्रिय संपर्क सूत्रों का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया गया है।
बदमाशों से खुद जानकारी भरवाने के पीछे पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि उनकी हर छोटी-बड़ी गतिविधि अब प्रशासन की रडार पर है और किसी भी प्रकार की कानून-विरोधी हरकत होने पर उन्हें बच निकलने का कोई रास्ता नहीं मिलेगा।