
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन में देवेंद्रनगर पुलिस ने सूने मकानों, निर्माणाधीन भवनों एवं शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह के 6 आरोपियों को सतना एवं रीवा से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में देवेंद्रनगर एवं गुनौर थाना क्षेत्रों की 10 चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 नग प्लाई, 20 बोरी गेहूं, 4 बोरी चावल, ₹3 हजार नगद, पिकअप वाहन, अर्टिगा कार एवं अपाचे मोटरसाइकिल सहित करीब ₹16 लाख 82 हजार का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस ने शिवम पटेल (21 वर्ष) निवासी नंदहा, थाना नागौद, जिला सतना, हाल ढेकहा, रीवा; अमन उर्फ नसीम खान (22 वर्ष) निवासी ढेकहा, जिला रीवा; टी.आई. उर्फ राजेश पटेल (29 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 5, ढेकहा, थाना सिविल लाइन, रीवा; अमर पटेल (22 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 5, ढेकहा, थाना सिविल लाइन, रीवा; अनुज विश्वकर्मा (21 वर्ष) निवासी ग्राम नंदहा, थाना नागौद, जिला सतना; और अजय पाठक (31 वर्ष) निवासी बम्होरी, थाना सेमरिया, जिला रीवा, हाल ढेकहा, रीवा को गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर की सड़कों पर 40 ई-बसें और 52 सीएनजी टिपर, नवंबर में और बढ़ेंगे वाहन, ग्रीन सिटी की तरफ बढ़ रहे हैं कदम
पुलिस के मुताबिक, आरोपी दिन में सूने मकानों एवं निर्माणाधीन भवनों की रेकी कर रात में पिकअप और मोटरसाइकिल से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। कार्रवाई में थाना देवेंद्रनगर, थाना गुनौर एवं साइबर सेल पन्ना की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।