
नईदुनिया प्रतिनिधि, पन्ना। पन्ना में डायल 112 की तत्परता से 10 वर्षीय बालक की सुरक्षित घर वापसी हो सकी। चाचा की डांट से नाराज होकर घर से निकला बालक रात में मोहगढ़ी के जंगल में भटकता मिला, जिसे पुलिस ने खोजकर परिजनों तक पहुंचाया। मामला रात करीब 9 बजे का है। पहाड़कोठी निवासी मोहम्मद आसिफ अपनी पंचर की दुकान पर थे, तभी उन्हें मोहगढ़ी जंगल में एक बच्चा अकेला भटकता दिखा।
उन्होंने बच्चे को अपने पास बैठाकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम बताया और कहां का रहने वाला है इसकी जानकारी दी। बच्चे ने बताया कि चाचा की डांट से नाराज होकर वह घर से निकल आया था। जंगल में अकेले भटक रहे बच्चे को देख मोहम्मद आसिफ ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पन्ना कोतवाली स्टाफ के आरक्षक राहुल सिंह और पायलट हीरा यादव मौके पर पहुंचे और बच्चे से जानकारी ली।
इसके बाद पुलिस टीम ने बच्चे को समझा-बुझाकर सुरक्षित उसके घर पहुंचाया। रात के अंधेरे में जंगल में भटक रहे मासूम को समय रहते घर पहुंचाने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। परिजनों ने डायल 112 और पन्ना पुलिस का आभार जताया।
यह भी पढ़ें- पन्ना में वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर धोखाधड़ी, गिरोह के पांच सदस्य राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार