पन्ना में नशे की बलि चढ़ा परिवार, शराब के विवाद में चली गोली, मां और 9 साल की मासूम बेटी लहूलुहान
MP News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाही के कगार पर पहुंचा दिया ...और पढ़ें
Publish Date: Sat, 07 Feb 2026 09:36:54 PM (IST)Updated Date: Sat, 07 Feb 2026 09:49:15 PM (IST)
परिवार में शराब के विवाद में चली गोली (सांकेतिक तस्वीर)नईदुनिया प्रतिनिधि पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाही के कगार पर पहुंचा दिया। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली में मां और 9 साल की मासूम बेटी दोनों घायल हो गईं।
यह घटना पन्ना जिले के चंदौरा चौकी क्षेत्र के लोढ़ापुरवा गांव की है। जानकारी के अनुसार रमाशंकर कुशवाहा शराब पीने का आदी है, जिससे उसकी पत्नी रामसखी लंबे समय से परेशान थी। शुक्रवार रात शराब पीने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक हो गया।
पत्नी ने पति को डराने के लिए कट्टा उठा लिया
गुस्से और डर के माहौल में पत्नी रामसखी ने पति को डराने के लिए देशी कट्टा उठा लिया। इसी दौरान मां को रोकने के लिए उनकी 9 वर्षीय बेटी रश्मि बीच में आ गई। छीना-झपटी के दौरान अचानक गोली चल गई, जिसके छर्रे मां और मासूम बेटी दोनों को लग गए। गोली चलने से घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में दोनों घायलों को पन्ना जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें- भोपाल-इंदौर रोड पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार ASI को मारी टक्कर, बेल्ट का बकल पेट में घुसने से मौत
दोनों की हालत गंभीर
डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि देशी कट्टा कहां से आया और घटना के पीछे किन हालातों ने यह भयावह मोड़ लिया। यह घटना एक बार फिर समाज के सामने यह सवाल खड़ा करती है कि शराब की लत किस तरह परिवार, रिश्तों और मासूम जिंदगियों को बर्बाद कर देती है।